लोकायुक्त इंदौर की बड़ी कार्रवाई, 4 लाख की मांग में अब तक ले चुका था 1 लाख रुपए
खरगोन। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर जिला खरगोन में पदस्थ सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक मनोज वास्केल निवासी मानपुर जिला इंदौर ने पुलिस अधीक्षक विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त इंदौर श्री राजेश सहाय को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पत्नी उर्मिला वास्केल का चयन पीएससी के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। उनकी पोस्टिंग पहले दलौदा मंदसौर में हुई थी, जिसे बाद में धार कॉलेज में करवाने के नाम पर आरोपी आत्माराम सोलंकी द्वारा 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी यह कहकर लगातार दबाव बना रहा था कि उसने ही उनकी पत्नी की पोस्टिंग घर के नजदीक धार में करवाई है। आरोपी अब तक 1 लाख रुपए ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप दल गठित किया गया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया, जहां पहले से लोकायुक्त की टीम तैनात थी। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की किश्त के रूप में 50 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, कमलेश परिहार, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू एवं प्रभात मोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय इंदौर से संपर्क करें।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








