मन्दसौर। सीतामऊ-सुवासरा मार्ग पर स्थित खेरखेड़ा टोल प्लाजा इन दिनों टोल कर्मियों की कथित गुंडागर्दी और अभद्र व्यवहार के लिए चर्चा में है। स्थानीय वाहन चालकों से लेकर किसानों तक को टोल वसूली के नाम पर परेशान किए जाने के आरोप लग रहे हैं। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब मंदसौर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार और उनके ड्राइवर के साथ टोल कर्मियों द्वारा अभद्रता की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बदसलूकी
दिनांक 22 जून 2025 को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद को पत्र लिखकर बताया कि खेरखेड़ा टोल प्लाजा के मैनेजर केतन उपाध्याय और अन्य कर्मियों ने उनकी गाड़ी को रोका। उनके निजी सहायक और ड्राइवर के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, गाड़ी का पिछला शीशा खुलवाया गया और उनके प्रति अभद्र इशारे व भाषा का प्रयोग किया गया। श्रीमती पाटीदार ने इस घटना की शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक की जांच के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

किसानों के साथ भी मनमानी
स्थानीय किसानों ने भी टोल कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया है। एक वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि एक किसान, जो अपने खेत से ट्यूबवेल पाइप और अन्य सामान लेकर घर जा रहा था, को टोल पर रोका गया और परेशान किया गया। वीडियो बनाने पर टोल कर्मियों ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। एक अन्य किसान ने बताया कि खेत में बुवाई के लिए इस्तेमाल होने वाली सीड ड्रिल तक का टोल वसूला जा रहा है। टोल न देने पर कर्मचारी बहस और गुंडागर्दी पर उतर आते हैं।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
खेरखेड़ा टोल प्लाजा पर स्थानीय कारों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों से टोल वसूली के लिए की जा रही बहस और अभद्रता से क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं। किसानों का कहना है कि खेती से संबंधित कार्यों के लिए टोल वसूली अनुचित है और इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। जनप्रतिनिधियों के साथ टोल कर्मियों का यह रवैया आम जनता के साथ होने वाले व्यवहार की गंभीरता को दर्शाता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पाटीदार के साथ हुई घटना के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू हो चुकी है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि टोल कर्मियों की मनमानी पर रोक लगे और किसानों व आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। इस मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








