मंदसौर। मंदसौर के पूर्व बीजेपी विधायक राधेश्याम पाटीदार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। 25 जून को सीतामऊ-सुवासरा रोड स्थित खेरखेड़ा टोल प्लाजा पर उन्होंने टोल मैनेजर केतन उपाध्याय को थप्पड़ मारने और धक्का देने की घटना सामने आई है। यह घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो 29 जून को वायरल हुआ। वीडियो में पाटीदार कुर्ता-पायजामा पहने टोल मैनेजर पर कई थप्पड़ जड़ते और उन्हें साइड में ले जाकर कुछ कहते नजर आ रहे हैं।
विवाद की पृष्ठभूमि
इस घटनाक्रम से कुछ दिन पहले, 22 जून को राधेश्याम पाटीदार की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद को टोल कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। दुर्गा ने आरोप लगाया कि खेरखेड़ा टोल पर उनकी गाड़ी को 5 से 8 मिनट तक जबरन रोका गया और उनके ड्राइवर व निजी सहायक के साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने बताया कि वे गाड़ी की पिछली सीट पर बैठी थीं, लेकिन टोल कर्मचारियों ने उन्हें शीशा नीचे करने को कहा और अभद्र इशारे किए।

ट्रैक्टर से शुरू हुआ विवाद
विवाद की जड़ 22 जून की एक अन्य घटना से जुड़ी बताई जा रही है। राधेश्याम पाटीदार का एक ट्रैक्टर टोल प्लाजा से गुजर रहा था। ट्रैक्टर चालक ने उसमें कृषि सामग्री होने का हवाला देकर टोल देने से इनकार किया और कर्मचारियों से कहा कि वे पाटीदार से बात करें। इस पर टोल कर्मचारियों और ट्रैक्टर पर सवार लोगों के बीच बहस हुई, जिसका एक और वीडियो सामने आया है। कुछ देर की बहस के बाद ट्रैक्टर को जाने दिया गया।
टोल मैनेजर का बयान
टोल मैनेजर केतन उपाध्याय ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है। उन्होंने कहा, “मैं अभी मीडिया से बात करने की स्थिति में नहीं हूं। जो कुछ हुआ, वह कैमरे में रिकॉर्ड है।”
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









