ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में जावरा बंद, केमिस्ट एसोसिएशन ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जावरा। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और नकली दवाओं के बढ़ते खतरे के विरोध में मंगलवार को जावरा केमिस्ट एसोसिएशन ने एक दिवसीय सांकेतिक बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में जावरा जिले के समस्त केमिस्ट एवं दवा व्यापारियों ने सहभागिता की।

एसोसिएशन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन प्रेषित कर ऑनलाइन माध्यम से हो रही अवैध दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के इंटरनेट के माध्यम से दवाओं की बिक्री आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

जावरा केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भारी छूट (डीप डिस्काउंटिंग) देकर दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे छोटे केमिस्ट व्यवसायियों का अस्तित्व संकट में पड़ गया है। साथ ही नकली और गलत दवाओं की सप्लाई से मरीजों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 के तहत ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के बावजूद कई कंपनियां नियमों की अनदेखी कर कारोबार कर रही हैं। वर्ष 2018 में जारी जीएसआर 817(E) एवं कोविड काल के दौरान लागू जीएसआर 220(E) का भी वर्तमान परिस्थितियों में दुरुपयोग किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने केंद्र सरकार एवं संबंधित विभागों से मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए तथा अवैध गतिविधियों में शामिल कंपनियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। आंदोलन के दौरान जावरा के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे और दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर अपना विरोध प्रदर्शन किया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!