भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष नंदू कुमावत पर गंभीर आरोप, वायरल वीडियो के बाद बोले मेरी छवि धूमिल करने के लिए मेरे खिलाफ षड्यंत्र चलाया जा रहा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल

मंदसौर। जिले में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं युवा नेता नंदू कुमावत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फरियादी दीपक चौहान ने आरोप लगाया है कि नंदू कुमावत अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे और हथियार लेकर उसके घर पहुंचे और परिवार के साथ मारपीट की। घटना के दौरान घर में जमकर हंगामा हुआ, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां फरियादी पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने में भी उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं विपक्षी दलों ने भी घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर घर भेज दिया।

नंदू कुमावत ने दी सफाई
इस पूरे मामले में नंदू कुमावत ने रात में पुलिस थाने के बाहर खड़े होकर वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि उनके मामा के पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति शराब के नशे में उनकी रिश्तेदार युवती का हाथ पकड़कर खींचने लगा था। इसके बाद उन्हें फोन आया और वे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। नंदू कुमावत का कहना है कि उनका वीडियो बनाकर गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है और उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है।

दूसरी तरफ से भी लगाए गए गंभीर आरोप
वहीं दूसरी ओर जैकी चौहान निवासी शामगढ़ ने वीडियो जारी कर बताया कि उनके भाई खाती मोहल्ले में रहते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान घर में उनकी भतीजी अकेली थी, तभी नंदू कुमावत, उसका भाई और 15 से 20 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पत्थर फेंके और युवती का हाथ पकड़कर उसे बाहर खींचने की कोशिश की। जैकी चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लट्ठ और तलवार जैसे हथियार लेकर पहुंचे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले सेन समाज द्वारा ज्ञापन देने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!