बिना योजना के नाली निर्माण से बिगड़ी व्यवस्था, कॉलोनियों का आम रास्ता बंद, गंदे पानी में घिरे रहवासी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकार कॉलोनी में जलभराव से हालात बदतर, हजारों स्कूली विद्यार्थियों के आवागमन पर असर; एक सप्ताह में समाधान की मांग की

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। हरियाखेड़ा रोड पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने गुरुवार को पत्रकार कॉलोनी, काटजू नगर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर विभाग पर बिना समुचित योजना के निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण वर्षों से उपयोग में आ रहा आम रास्ता बंद हो गया है, वहीं जल निकासी अवरुद्ध होने से कॉलोनियों में गंदे पानी का जमाव हो गया है, जिससे सैकड़ों परिवारों और हजारों विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दसेड़ा ने बताया कि हरियाखेड़ा रोड पर बनाई जा रही नाली के कारण पत्रकार कॉलोनी, काटजू नगर तथा आसपास की कॉलोनियों से पिपलौदा रोड जाने वाला प्रमुख मार्ग बंद हो गया है। अब लोगों को चौपाटी होते हुए फोरलेन मार्ग से लगभग एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और ईंधन की बर्बादी के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पुरानी नालियों का पानी रोक दिए जाने से पत्रकार कॉलोनी में गंदे पानी का बड़ा तालाब बन गया है। लगातार जलभराव से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों व कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थिति यह है कि गंदे पानी में पनप रहे कीड़े घरों तक पहुंच रहे हैं, जिससे रहवासियों और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।

पूर्व नपा अध्यक्ष ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से वार्डवासियों द्वारा लगातार मोबाइल पर शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद उन्होंने गुरुवार सुबह स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सबसे बड़ी तकनीकी खामी यह सामने आई कि नई बनाई जा रही नाली का लेवल पुरानी नाली से लगभग एक फीट ऊंचा है, जिसके कारण पानी का प्राकृतिक बहाव पूरी तरह रुक गया है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार के सुपरवाइजर अग्रवाल से जानकारी ली। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की एसडीओ से दूरभाष पर चर्चा करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बैठक में होने की बात कहकर बाद में चर्चा करने की बात कही। इसके पश्चात दसेड़ा ने विभाग के कार्यपालन यंत्री चौहान से चर्चा कर पूरी स्थिति से अवगत कराया।

अनिल दसेड़ा ने बताया कि यदि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्यों का गंभीरता से निरीक्षण करते तो आज ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क या नाली निर्माण से पहले इंजीनियरिंग अधिकारी कई बार स्थल निरीक्षण कर योजना और एस्टीमेट तैयार करते हैं, लेकिन हरियाखेड़ा रोड के निर्माण कार्य को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि बिना उचित योजना और तकनीकी परीक्षण के काम शुरू कर दिया गया।

उन्होंने हाल ही में अधूरे पड़े ताराखेड़ी सड़क निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी निर्माण में खामियों के कारण लागत में भारी वृद्धि हुई थी। उनका कहना था कि यदि विभाग समय रहते गंभीरता दिखाता तो न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशानियों से बचते, बल्कि आज पत्रकार कॉलोनी, काटजू नगर और आसपास की कॉलोनियों के सैकड़ों नागरिकों तथा हजारों विद्यार्थियों को भी इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।


पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री से मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर बंद आम मार्ग को पुनः चालू कराया जाए, नालियों की तकनीकी खामियां दूर कर जल निकासी सुचारु की जाए तथा क्षेत्रवासियों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान किया जाए।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!