EOW की बड़ी कार्रवाई : नगर निगम के उद्यम अधिकारी चेतन पाटिल के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपति का मामला दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW), इंदौर ने नगर पालिक निगम इंदौर के उद्यम अधिकारी चेतन पाटिल (पिता विनायकराव पाटिल) के खिलाफ भ्रष्टाचार और असमानुपातिक संपत्ति अर्जन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी, जो गुमोहर ग्रीन कॉलोनी, भूखंड क्र. 14, भागुड, सुखलिया, थाना हीरानगर, इंदौर का निवासी है, पर पद का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

शिकायत के आरोप जांच सही पाए
EOW को मिली शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच में पाया गया कि चेतन पाटिल ने स्वयं, पत्नी और भाई नवनीत के नाम पर महँगी मोटरसाइकिलें, पॉश कॉलोनी में दो मंजिल मकान, और प्लॉट खरीदे। इसके अलावा, भारतीय जीवन बीमा निगम, इंदौर में 16 बीमा पॉलिसियों में बड़ा निवेश किया गया। EOW ने धारा 7(सी), 13(1)बी, और 13(2) भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

संपत्ति का विवरण
जांच में निम्नलिखित संपत्तियों का खुलासा हुआ:
1. गुमोहर ग्रीन कॉलोनी, भागुड में भूखंड क्र. 14 और 110: ₹28,60,000
2. भूखंड क्र. 14 पर G+2 भवन: ₹42,00,000
3. भूखंड क्र. 103 पर खर्च: ₹11,60,000
4. एक स्कूटी: ₹52,000
5. माँ शोभाबाई के बैंक खाते में जमा राशि: ₹15,00,000
6. सोने के जेवरात: ₹40,33,100
7. अन्य खर्च (इन्वेंट्री के अनुसार): ₹10,00,000
8. नकद राशि: ₹13,00,000
9. 17 बीमा पॉलिसी: ₹1,14,400

कुल अनुमानित संपत्ति: ₹1,74,92,650
आरोपी की कुल आय: ₹25,00,000

जांच में पाया गया कि आरोपी की संपत्ति उसकी आय से 175% अधिक है, जो भ्रष्टाचार के माध्यम से अर्जित की गई।

EOW की कार्रवाई
17 जून 2025 को EOW इंदौर ने दो टीमों का गठन किया, जिन्होंने सुबह एक साथ आरोपी के निवास (गुमोहर ग्रीन कॉलोनी, भूखंड क्र. 14) और नगर निगम कार्यालय में छापेमारी की। श्री कन्हैयालाल डांगी, उप पुलिस अधीक्षक, और श्री पवन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सर्च कार्यवाही जारी है। दस्तावेज, आभूषण, बैंक खाते, और नकद राशि की जांच की जा रही है। EOW को और अधिक संपत्ति मिलने की संभावना है, और बैंक लॉकर व अन्य आभूषणों का मूल्यांकन किया जाएगा।

EOW ने स्पष्ट किया कि जांच में प्राप्त दस्तावेजों और जानकारी के आधार पर बहुमूल्य संपत्ति होने का अनुमान है। सर्च कार्यवाही पूरी होने के बाद संपत्तियों का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा, और भ्रष्टाचार के इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!