जावरा। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शासन की सख्ती के बीच जावरा किराना व्यापारी एसोसिएशन ने व्यापारियों से सतर्कता बरतने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है। एसोसिएशन ने कहा कि व्यापार में मुनाफा जरूरी है, लेकिन ग्राहक की सेहत से समझौता कर कमाई करना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
किराना व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सुराणा एवं सचिव झामनदास देवानी ने कहा कि वर्तमान में पूरे मध्यप्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिले में भी खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा लगातार खाद्य सामग्री की सैंपलिंग और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

संदिग्ध माल से रहें दूर
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे कम कीमत या अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी संदिग्ध, मिलावटी या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ की खरीदी न करें। व्यापारियों को माल खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, लेबल, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक जानकारी की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने से सबसे बड़ा नुकसान आम उपभोक्ता के स्वास्थ्य को होता है, वहीं कुछ व्यापारियों की गलत गतिविधियों के कारण ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।
ईमानदार व्यापारियों के साथ खड़ा है एसोसिएशन
संजय सुराणा एवं झामनदास देवानी ने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि व्यापारी गुणवत्तापूर्ण माल खरीदकर बेचेंगे तो बाजार में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
उन्होंने सभी व्यापारियों से शासन के मिलावट विरोधी अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ व्यापार करने वाले प्रत्येक व्यापारी के साथ किराना व्यापारी एसोसिएशन सदैव खड़ा है। उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना व्यापार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








