मालीखेड़ा से गुराडिया भर्ता तक कच्चे मार्ग पर रोजाना जोखिम भरा सफर, एक साल पहले दिए आवेदन पर भी नहीं हुई कार्रवाई
दशपुर दिशा । सतीश पोरवाल

भवानीमंडी। उपखंड क्षेत्र के ग्राम गुराडिया भर्ता में महज एक किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं होने से बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान कच्चा मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
ग्राम गुराडिया भर्ता स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आसपास के तीन-चार गांवों के विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। इनमें मालीखेड़ा गांव के बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है। उन्हें प्रतिदिन लगभग एक किलोमीटर लंबे कच्चे और फिसलनभरे रास्ते से पैदल विद्यालय जाना पड़ता है। कीचड़ और फिसलन के कारण छोटे बच्चों के गिरकर घायल होने का खतरा भी बना रहता है।
एक साल पहले दिया था आवेदन, अब तक नहीं हुई कार्रवाई
सरपंच प्रतिनिधि सुरेश कुमार ने बताया कि मालीखेड़ा से गुराडिया भर्ता तक करीब एक किलोमीटर सड़क अभी भी कच्ची है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगभग एक वर्ष पूर्व पंचायत समिति के विकास अधिकारी को लिखित आवेदन दिया गया था और अधिकारियों को समस्या से अवगत भी कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
हर साल बरसात में होती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या हर वर्ष सामने आती है। यदि इस एक किलोमीटर सड़क का निर्माण करा दिया जाए तो सैकड़ों विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी कर रहा है।
विधायक बोले— जानकारी लेकर कराएंगे कार्रवाई
इस संबंध में डग विधायक कालूराम मेघवाल ने कहा कि उन्हें सड़क के कच्चे होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
प्राथमिकता से सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को कीचड़ और जोखिम भरे रास्ते से होकर विद्यालय जाने की मजबूरी से राहत मिल सके।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








