प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने भेंट की मंदसौर की दसवीं शताब्दी की दुर्लभ प्रतिमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार में पीएम मित्र पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत करते हुए मंदसौर जिले से प्राप्त दसवीं शताब्दी की दुर्लभ भगवान महावराह की प्रतिमा उपहार स्वरूप भेंट की। यह प्रतिमा पुरातात्विक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है और मंदसौर के सांस्कृतिक गौरव को दर्शाती है। ऐसी ही एक अन्य प्रतिमा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में भी प्रदर्शित है।

मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग ने बताया कि यह प्रतिमा भानपुरा तहसील के ग्राम कंवला (प्राचीन नाम कमलापुर) के मंदिर में सदियों तक प्रतिष्ठित रही। परमार युगीन शिल्प कला और अलंकरणों से सुसज्जित यह प्रतिमा भगवान विष्णु के महावराह अवतार को दर्शाती है। वर्तमान में यह मध्यप्रदेश राज्य पुरातत्व संग्रहालय में संरक्षित है।

प्रतिमा का पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व
यह प्रतिमा भगवान महावराह के उस अवतार को चित्रित करती है, जिसमें उन्होंने रसातल में समाई पृथ्वी देवी को समुद्र से ऊपर लाकर स्थापित किया था। पौराणिक कथा के अनुसार, दैत्य हिरण्याक्ष से समुद्र में प्रबल संघर्ष के बाद भगवान महावराह ने पृथ्वी देवी को अपनी बाईं भुजा और विकराल दांतों से सहारा देकर समुद्र तल पर स्थापित किया। साथ ही, हिरण्याक्ष का वध कर विश्व को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। यह प्रतिमा दसवीं सदी की शिल्प कला का उत्कृष्ट नमूना है, जो मंदसौर जिले के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक वैभव को उजागर करती है।
यह उपहार न केवल मंदसौर की पुरातात्विक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर लाता है, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी गौरवान्वित करता है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!