पांच बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं पाए जाने पर लगाया 13 हजार का जुर्माना
नीमच। सोमवार दोपहर नीमच शहर में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ज्ञानोदय स्कूल की एक बस ने केंद्रीय विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों से भरे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पास की दीवार से जा टकराया, जिसके परिणामस्वरूप तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों में से एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायल बच्चों को तत्काल नीमच जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच ज्ञानोदय स्कूल का बस चालक बस लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे में था और भागते समय बस का दरवाजा खुला हुआ था। घायल बच्चों में से एक बच्चे के पिता शैलेंद्र राही, ने बताया कि बच्चे ऑटो से उतर रहे थे, तभी पीछे से बस चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन बच्चे घायल हुए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। नीमच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
यातायात विभाग ने की चालानी कार्रवाई
हादसे के बाद प्रशासन और यातायात विभाग हरकत में आया। बुधवार को यातायात विभाग ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नीमच में जांच अभियान चलाया। इस दौरान ज्ञानोदय स्कूल की पाँच बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र अनुपलब्ध पाए गए। इसके लिए स्कूल प्रबंधन पर ₹13,000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, दो ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चे भरे होने की शिकायत मिली। यातायात विभाग ने बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुँचाने के बाद दोनों ऑटो को यातायात थाने में अभिरक्षा में लिया।
यातायात प्रभारी अमित सारस्वत ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को पहले भी बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लापरवाही बरती गई। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हादसे ने स्कूली बच्चों के परिवहन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोग और अभिभावक स्कूल प्रबंधन और चालकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की माँग कर रहे हैं। पुलिस और यातायात विभाग ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए नियमित जाँच की जाएगी।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









