सिंगोली। राजीव आवास कॉलोनी में स्वीकृत नक्शे में गार्डन के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर नगर परिषद सिंगोली द्वारा 12 आवासीय प्लॉट काटकर ऑनलाइन नीलामी निकाले जाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंगोली ने गुरुवार को मोर्चा खोलते हुए तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को सामूहिक ज्ञापन सौंपा और नीलामी तत्काल रद्द करने की मांग की।
कांग्रेस ने अवैध प्लॉट बेचकर लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पर दोहरा चरित्र रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच साल से मकानों में रह रहे गरीब हितग्राहियों को पट्टे नहीं दिए जा रहे और उनकी फाइलें दो साल से अटकी पड़ी हैं, वहीं दूसरी ओर बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के बैठने के लिए छोड़ी गई गार्डन की भूमि पर अवैध प्लॉट काटकर अमीरों को बेचने की तैयारी की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
नगर परिषद सिंगोली ने 8 मई 2026 को टेंडर जारी कर राजीव आवास कॉलोनी के प्लॉट नंबर 228 से 239 तक के 12 भूखंडों की ई-नीलामी निकाली है। नीलामी की अंतिम तिथि 23 मई 2026 है।
कांग्रेस का कहना है कि ये सभी भूखंड कॉलोनी के शासन द्वारा स्वीकृत ले-आउट नक्शे में स्पष्ट रूप से “गार्डन एवं कम्युनिटी हॉल” के लिए आरक्षित हैं। इसके बावजूद नगर परिषद ने नियमों की अवहेलना करते हुए इन पर प्लॉट काट दिए।
कांग्रेस की 4 सूत्रीय मांगें
1.गार्डन की भूमि पर जारी अवैध नीलामी प्रक्रिया को 23 मई शाम 6 बजे तक निरस्त किया जाए।
2.स्वीकृत नक्शे के अनुसार भूमि को गार्डन के रूप में विकसित किया जाए।
3.पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
4.जांच पूरी होने तक सभी संबंधित भूखंडों की नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया रोकी जाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्तु धाकड़ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 23 मई शाम 6 बजे तक नीलामी नहीं रोकी गई तो 24 मई सुबह 11 बजे से तहसील कार्यालय के सामने कांग्रेस के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना एवं भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
कांग्रेस ने कॉलोनी में गार्डन की दीवार तोड़कर पत्थर और जाली ले जाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ सिंगोली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। साथ ही सीएमओ सिंगोली की कुर्सी पर भी ज्ञापन चस्पा किया गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, कलेक्टर नीमच, एसडीएम जावद और सीएमओ सिंगोली को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में पंकज तिवारी, नरेश ढोला, सत्तु धाकड़, राजेश भण्डारी, राजेश नागोरी, रितेश सेठिया, सत्तु विश्नोई, गोटु धाकड़, राजकुमार पाण्डे, राहुल जैन, एडवोकेट संदीप शर्मा आदि शामिल रहे।
यह मामला अब स्थानीय स्तर पर काफी गर्माया हुआ है और 23 मई शाम तक प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।








