मन्दसौर जिले के अंकुश पाटीदार ने UPSC परीक्षा में पाई 780वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मन्दसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र के छोटे से गांव नारिया बुजुर्ग के एक होनहार युवा ने देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। नारिया बुजुर्ग निवासी अंकुश पाटीदार पिता अमरलाल पाटीदार ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में 780वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, समाज और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
एक कृषक परिवार और ग्रामीण परिवेश से आने वाले अंकुश की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत हो, तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। अंकुश के पिता अमरलाल पाटीदार और उनका परिवार इस खबर के बाद से ही बधाई स्वीकार कर रहा है।
जैसे ही अंकुश के चयन की सूचना नारिया बुजुर्ग और गरोठ क्षेत्र में फैली, खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि अंकुश बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। सोशल मीडिया पर भी अंकुश को जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों द्वारा निरंतर बधाइयाँ मिल रही हैं। गरोठ जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रणजीत सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर अंकुश को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
अंकुश की इस सफलता ने गरोठ और मंदसौर जिले के उन विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल पेश की है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। 780वीं रैंक हासिल कर अंकुश अब प्रशासनिक सेवा के माध्यम से देश सेवा की राह पर अग्रसर होंगे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!