मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली की टीम ने दो मंदिर चोरियों के सिलसिले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी के भगवान के आभूषण, दो दानपेटियाँ और नगदी बरामद की गई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है, जिसमें मंदिर चोरी के अलावा बलात्कार और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं।
चोरी की घटनाओं का विवरण
पहली घटना 21 जनवरी 2026 को जीवागंज स्थित जगदीश मंदिर में घटी। मंदिर के पुजारी जितेंद्र व्यास ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे उनके भाई योगेश ने गर्भगृह का दरवाजा खुला पाया। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर ने भगवान के चांदी के मुकुट, मोर पंख, गदा, बांसुरी समेत आभूषण चुरा लिए थे। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी चोरी 5-6 मार्च 2026 की मध्य रात्रि को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पास स्थित सिद्धि विनायक गणपति मंदिर में हुई। पुजारी संतोष पुरोहित (उम्र 50 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि चोरों ने दो दानपेटियों को तोड़कर नगदी समेत चुरा लीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 154/2026 दर्ज हुआ।
गिरफ्तारी और बरामदगी
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की छानबीन की, संदिग्धों से पूछताछ की और साइबर सेल की मदद ली। 21 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली की टीम ने आरोपी नवीन प्रदीप शर्मा उम्र 34 वर्ष, मूल निवासी भानपुरा, वर्तमान निवासी श्रीकोल्ड चौराहा, मंदसौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों चोरियों का जुर्म कबूल किया।
आरोपी की निशानदेही पर जगदीश मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट, मोर पंख, गदा, बांसुरी और गणपति मंदिर की दो दानपेटियाँ व नगदी बरामद कर ली गई। जांच में पाया गया कि आरोपी ने जगदीश मंदिर में चोरी के समय जो कंबल ओढ़ा था, वैसा ही कंबल उसके पास मिला। साथ ही, उसकी चलने की शैली सीसीटीवी फुटेज से मेल खाती है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
आरोपी नवीन पर पहले से कई केस दर्ज हैं। वर्ष 2023 में दशरथ नगर स्थित साईं मंदिर से दानपेटी चोरी, 2016 में थाना व्याडी नगर क्षेत्र में बलात्कार, एससी/एसटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला, तथा 2022 में आर्म्स एक्ट के उल्लंघन का केस थाना कोतवाली में दर्ज है। वह मंदिर चोरियों के लिए कुख्यात रहा है।
इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त एसपी टी.एस. सिंह बघेल और नगर एसपी जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने सफलता हासिल की। विशेष रूप से आरक्षक 60 विशाल लाबाना और आरक्षक 922 समरथ चौहान की भूमिका उल्लेखनीय रही। दोनों रात्रि गश्त के दौरान एक विकलांग व्यक्ति से आरोपी की जानकारी प्राप्त की, जिसके आधार पर सीसीटीवी से आरोपी की गतिविधियाँ पकड़ी गईं।
अन्य योगदानकर्ता: उनी संदीप मोर्य, उनी उमेश व्यास, आरक्षक 236 भानूप्रताप सिंह, आरक्षक 103 शैलेंद्र सिंह, आरक्षक जितेंद्र मालोदे, आरक्षक 463 हरिश राठौर, आरक्षक 861 नरेंद्र सिंह तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की एमआर 471 कविता राठौर।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









