रपट रोड–उज्जैन बायपास मार्ग पर खतरे की घंटी, पुलिया क्षतिग्रस्त होने से भारी वाहनों की आवाजाही पर मंडराया संकट
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। शहर के हाथीखाना क्षेत्र में ईदगाह खाल पर बनी पुलिया की सुरक्षा दीवार गिरने से लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिया के समीप बनी दीवार के ढह जाने के बाद नीचे का हिस्सा भी खोखला दिखाई दे रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि हाथीखाना की रपट रोड से होकर यह मार्ग सीधे उज्जैन बायपास से जुड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया सहित भारी मालवाहक वाहन भी बड़ी संख्या में गुजरते हैं। पुलिया के नीचे मिट्टी खिसकने और खोखलापन आने से उसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो भारी वाहन गुजरने के दौरान पुलिया का हिस्सा और क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने पुलिया के आसपास चेतावनी संकेतक लगाने और भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने की भी मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में लगातार पानी के बहाव से पुलिया के नीचे की मिट्टी कट गई है, जिसके कारण सुरक्षा दीवार गिर गई और पुलिया के नीचे खोखलापन पैदा हो गया। यदि शीघ्र ही मरम्मत नहीं हुई तो यह मार्ग आमजन के लिए खतरे का कारण बन सकता है।
नागरिकों ने नगर पालिका एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि पुलिया का तत्काल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही स्थिति को सुरक्षित बनाया जा सके।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








