शामगढ़ में अवैध कॉलोनी की शिकायत पर हुई जांच: बिना अनुमति भूमि स्वामी ने किया सीसी रोड़ और बाउंड्रीवॉल का निर्माण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मन्दसौर। गरोठ रोड पर सर्वे नंबर 142 की 1 हेक्टेयर कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी काटे जाने की मंशा से सीसी रोड और बाउंड्रीवॉल बनाए जाने की शिकायत यूथ प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने एसडीएम गरोठ को की थी। शिकायत के बाद एसडीएम राहुल चौहान के आदेश पर कस्बा पटवारी मुकेश साल्वी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया।

भूमि स्वामी के प्रतिनिधि का दावा
पंचनामे के दौरान भूमि स्वामी श्रीमती रोशनी पति हुकूमचंद पुरसवानी के प्रतिनिधि और लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सूरज प्रकाश (सोनू) पुरसवानी ने बयान दर्ज करवाया कि भूमि पर अवैध कॉलोनी नहीं काटी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में इस स्थान पर कोल्ड स्टोरेज बनाया जाएगा और कॉलोनी का निर्माण कभी नहीं होगा। हालांकि, पंचनामे में यह स्पष्ट हुआ कि सीसी रोड और बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए किसी प्रकार की प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई है।

पूर्व में भी अवैध कॉलोनी का इतिहास
उल्लेखनीय है कि सूरज प्रकाश पुरसवानी पर पूर्व में भी होटल संवि के पीछे सर्वे नंबर 303 की कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी काटने का आरोप लग चुका है। उस समय भी शिकायत के बाद पंचनामे में पुरसवानी ने दावा किया था कि वहां निजी भवन बनाया जा रहा है, न कि कॉलोनी। लेकिन वर्तमान में वहां लगभग 20 मकानों का निर्माण हो चुका है, साथ ही सीसी रोड, बाउंड्रीवॉल और विद्युत आपूर्ति भी मौजूद है।

हाईटेंशन लाइन के नीचे खतरा
सुरेंद्र यादव ने शिकायत में यह भी उजागर किया कि गरोठ रोड पर बन रही बाउंड्रीवॉल और सीसी रोड हाईटेंशन लाइन के नीचे हैं, जिससे क्षेत्र में खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस पर प्रशासन द्वारा अभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
पटवारी द्वारा तैयार पंचनामा रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। स्थानीय लोग और पत्रकार सुरेंद्र यादव ने मांग की है कि अवैध निर्माण और कॉलोनी विकास पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि कृषि भूमि का दुरुपयोग और सुरक्षा जोखिम को रोका जा सके।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!