भीमाखेड़ी में सुबह-सुबह तबाही—दमकल देर से पहुँची, लपटों में झुलसी झोंपड़ी; ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर बचाई दो गायें, एक बछड़े की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। ग्राम भीमाखेड़ी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा घटित हुआ, जब बालाजी मंदिर के आगे बनी एक झोंपड़ी में करीब 11:45 बजे अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि झोंपड़ी में बंधी दो गायों और एक बछड़ी में से बछड़ी लपटों में फँसकर मौके पर ही जल गई, जबकि एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। गौ रक्षा सेवा समिति के सदस्यों ने घायल गाय को उपचार के लिए वाहन से अस्पताल पहुँचाया। दूसरी गाय को हल्की चोटें आईं, जिसका प्राथमिक उपचार मौके पर पहुँची वेटरनरी टीम ने किया।

आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि हरी नारायण मावी एवं पंचायत सचिव यशवंतसिंह डोंडिया मौके पर पहुँचे और आग बुझाने की कोशिशें शुरू कीं। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन भीमाखेड़ी फाटक के पास दमकल वाहन खराब होने से टीम समय पर नहीं पहुँच सकी, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया।

दमकल की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला। किशन माली ने अपने कुएँ की मोटर चालू कर आग पर पानी की बौछार डालना शुरू किया। इस प्रयास में सोनू माली, हिरे नारायण मावी, दीपक सेन, मनीष पाटीदार, देवकरण धनौतिया और जयंत सिंह सहित कई ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए मदद की और आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलते ही पटवारी बिलोचनंद शर्मा मौके पर पहुँचे और मृत बछड़ी का पंचनामा बनाकर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के पुत्र प्रांजल पांडेय भी मौके पर पहुँचे और पूरी स्थिति का निरीक्षण कर प्रशासन से त्वरित व्यवस्था सुधारने की बात कही।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुँच जाती, तो नुकसान काफी कम हो सकता था। घटनास्थल पर प्रशासनिक लापरवाही के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!