सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी एसडीएम बघेल ने दूसरे दिन पत्रकारों से की बैठक
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को नगर पालिका सभागृह में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक से मीडिया को दूर रखने का मामला सोशल मीडिया पर उठाए गए सवालों के बाद बुधवार को प्रशासन के लिए चर्चा का विषय बन गया। फेसबुक पर “सेवा संकल्प अभियान की बैठक से मीडिया को रखा दूर” शीर्षक से सवाल उठने के अगले ही दिन प्रभारी एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल ने पत्रकारों को बैठक में आमंत्रित कर अभियान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

मंगलवार को जिस बैठक की सूचना मीडिया को नहीं दी गई, उसी के अगले दिन पत्रकारों को बुलाकर अभियान की पूरी रूपरेखा बताई गई। इससे स्वाभाविक रूप से सवाल खड़ा हो गया कि आखिर जिस अभियान में जनभागीदारी की बात कही जा रही है, उसकी महत्वपूर्ण बैठक से मीडिया को पहले दिन दूर रखने की जरूरत क्यों पड़ी?
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
बैठक में प्रभारी एसडीएम बघेल ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों और कार्यक्रमों की सिलसिलेवार जानकारी पत्रकारों के सामने रखी।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी ने भी अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
वड़नगर से वाराणसी तक निकलेगी यात्रा
महेश सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वड़नगर से एक यात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए उनकी कर्मस्थली वाराणसी पहुंचेगी। वहीं दूसरी यात्रा वाराणसी से प्रारंभ होकर वड़नगर की ओर जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन यात्राओं में से एक यात्रा मध्यप्रदेश की जावरा विधानसभा से होकर गुजरेगी।
एक दिन में बदला रुख, चर्चा में प्रशासन
मंगलवार को मीडिया को बैठक की सूचना नहीं देना और उसके अगले ही दिन पत्रकारों को बुलाकर अभियान की पूरी जानकारी देना अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
सवाल सीधा है—जब अभियान पूरे एक महीने तक चलना है, उसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है और मीडिया को इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचानी है, तो फिर मंगलवार की महत्वपूर्ण बैठक में पत्रकारों को सूचना क्यों नहीं दी गई?
बुधवार को पत्रकारों को बुलाकर जानकारी देने से मंगलवार को उठे सवाल भले ही सामने आ गए हों, लेकिन मीडिया को पहले दिन बैठक से दूर रखने का कारण क्या था—इस पर प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट होना अभी भी जरूरी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








