11 फीट की सड़क, अंडरब्रिज पर महज 2 फीट की दीवार; अनिल दसेड़ा बोले- रेलिंग नहीं लगी तो हादसे का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 दिन पहले ADRM को दिया था मांग-पत्र, फिर भी रेलवे ने नहीं दिए रेलिंग लगाने के निर्देश; विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को खतरा बना रहेगा

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। विवेकानंद कॉलोनी एप्रोच रोड पर चल रहे सीमेंट-कांक्रीट निर्माण कार्य के बीच अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद ठेकेदार के इंजीनियर से सड़क की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई सहित निर्माण से जुड़ी तकनीकी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दसेड़ा ने अंडरब्रिज के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए रेलवे से तत्काल लोहे की रेलिंग लगाने की मांग की।

दसेड़ा के अनुसार, निर्माण पूरा होने के बाद अंडरब्रिज की ओर दीवार की ऊंचाई मात्र करीब 2 फीट रह जाएगी, जबकि सुरक्षा की दृष्टि से यहां दीवार की ऊंचाई कम से कम 4 फीट होना चाहिए। इसके अलावा एप्रोच रोड की चौड़ाई भी मात्र 11 फीट है। ऐसे में वाहनों के क्रासिंग के दौरान सड़क पर जगह काफी कम रह जाएगी। कम चौड़ी सड़क और कम ऊंचाई वाली दीवार के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों तथा स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहने की आशंका है।

1 सितंबर को ADRM को दिया था मांग-पत्र
दसेड़ा ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे 1 सितंबर को रतलाम जाकर ADRM को मांग-पत्र दे चुके हैं। इसमें एप्रोच रोड निर्माण के साथ-साथ अंडरब्रिज के पास विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा के लिए लोहे की मजबूत रेलिंग लगाने की मांग भी स्पष्ट रूप से की गई थी। इसके बावजूद करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी रेलवे की ओर से संबंधित इंजीनियर को रेलिंग लगाने के निर्देश नहीं दिए गए हैं।

दसेड़ा ने कहा कि जब सुरक्षा संबंधी मांग पहले ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष रखी जा चुकी है तो अब तक इस दिशा में कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि 11 फीट की सड़क पर वाहनों के क्रासिंग के समय पर्याप्त जगह नहीं बचेगी और दूसरी ओर अंडरब्रिज की दीवार की ऊंचाई महज 2 फीट रह जाएगी। ऐसे में किसी दुर्घटना के बाद जिम्मेदारी तय करने से बेहतर है कि रेलवे अभी से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे।

रेलवे इंजीनियर से मोबाइल पर चर्चा
सुरक्षा के मुद्दे को लेकर दसेड़ा ने रेलवे इंजीनियर शुक्ला से भी मोबाइल पर चर्चा की। उन्होंने अंडरब्रिज की दीवार के पास मजबूत लोहे की रेलिंग लगाने का आग्रह किया, ताकि सड़क से गुजरने वाले विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आमजन को संभावित हादसे से बचाया जा सके।

समय रहते सुरक्षा इंतजाम करने की मांग
दसेड़ा ने शासन-प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से मांग की कि एप्रोच रोड का निर्माण पूरा होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता और स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। रेलवे द्वारा तत्काल इंजीनियर को रेलिंग लगाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना के बाद पछताने की स्थिति न बने।

उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण जरूरी है, लेकिन निर्माण के साथ सुरक्षा मानकों का पालन उससे भी अधिक जरूरी है। यदि समय रहते रेलिंग नहीं लगाई गई और दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!