मकान के पैसों के लालच में भाई,पत्नी और साले ने मिलकर की ईस्माईल उर्फ भूरा की हत्या, 24 घंटे में अंधेकत्ल का खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिर पर डंडे से वार के बाद गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, शव सुनसान इलाके में फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश

हत्या के बाद भाई ही बन गया फरियादी, पुलिस को गुमराह करने थाने पहुंचा; भाई और पत्नी गिरफ्तार, साला फरार

मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने मदारपुरा निवासी ईस्माईल उर्फ भुरा की हत्या के मामले में महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके भाई और पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मकान बेचने से मिलने वाले पैसों के लालच और पारिवारिक विवाद के चलते मृतक के भाई, पत्नी और साले ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले ईस्माईल के सिर पर डंडे से वार किया और इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने और हत्या को सामान्य मौत या हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। खास बात यह रही कि मृतक का भाई खुद फरियादी बनकर थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

ऐसे हुआ अंधेकत्ल का खुलासा
दिनांक 15 सितंबर 2026 को मोहम्मद ईशाक निवासी मदारपुरा ने पुलिस को सूचना दी कि उसका भाई ईस्माईल उर्फ भुरा, उम्र 32 वर्ष, खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। डायल-112 की मदद से उसे जिला चिकित्सालय मंदसौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना के बाद थाना नई आबादी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 24/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मर्ग जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 160/2026, धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र, घटनास्थल के भौतिक सत्यापन और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फरियादी बनकर थाने पहुंचे मृतक के भाई से सघन पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और धीरे-धीरे पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

मकान बेचने को लेकर था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी भाई मकान बेचना चाहता था, जिससे उसे बड़ी रकम मिलने की उम्मीद थी। बताया गया कि मृतक ईस्माईल मकान बेचने के लिए सहमत नहीं था और इसको लेकर विवाद चल रहा था। दूसरी ओर मृतक की पत्नी भी उसके शराब पीकर आए दिन झगड़ा और मारपीट करने से परेशान थी।
पुलिस के अनुसार इन्हीं पारिवारिक विवादों और पैसों के लालच के चलते तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया।

हत्या के बाद शव ठिकाने लगाया
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को मूल घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया। इसके बाद मामले को सामान्य नशे या दुर्घटना में हुई मौत का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का भाई स्वयं फरियादी बनकर थाने पहुंचा और झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की पूछताछ के दौरान उसकी भूमिका सामने आ गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, साला फरार
पुलिस ने मामले में मृतक के भाई मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन मेव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदारपुरा तथा मृतक की पत्नी मुस्कान पति ईस्माईल मेवाती, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा को गिरफ्तार किया है।
वहीं हत्या में शामिल बताया जा रहा शाकिर पिता बब्बु खां मेव, निवासी नई फतेहगढ़, जिला मंदसौर, घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी नई आबादी उनि कुलदीपसिंह राठौर एवं उनकी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में की गई।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!