कोटा स्थित माल डिब्बा मरम्मत कारखाने में भारतीय रेल का प्रथम मॉडिफाइड बीटीपीएन रेक तैयार किया गया है
कोटा। कोटा वर्कशॉप में वैगनों का पीरियॉडिक ओवरहॉलिंग (पीओएच) कार्य किया जाता है। पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन, प्रमुख मुख्य यांत्रिकी इंजीनियर श्री एम. विजय कुमार के निर्देशन तथा मुख्य कारखाना इंजीनियर (सीडब्ल्यूई) एवं मुख्य कारखाना प्रबंधक (सीडब्ल्यूएम) की सतत निगरानी में कोटा वर्कशॉप ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार, कोटा वर्कशॉप ने भारतीय रेल का प्रथम मॉडिफाइड बीटीपीएन रेक तैयार किया है। पिछले दो वर्षों से यहाँ ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसीज़) तथा आरडीएसओ (रेलवे डिज़ाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन) के परामर्श से मॉडिफाइड प्रोटोटाइप बीटीपीएन वैगनों पर शोध एवं परीक्षण कार्य किया जा रहा था। इसके उपरांत आरडीएसओ द्वारा डिज़ाइन को अंतिम रूप दिया गया तथा अंतिम ड्रॉइंग जारी कर कोटा कारख़ाने को दो रेक के मॉडिफिकेशन हेतु निर्देशित किया गया।
इन संशोधनों का उद्देश्य मौजूदा बीटीपीएन वैगनों में पाई गई समस्याओं, जैसे आग लगने के खतरे एवं चोरी, का समाधान करना है।
मॉडिफाइड बीटीपीएन वैगन में रिसाव को रोकने के लिये ऊपरी (डोम) फिटिंग्स में फ्लैप प्रकार की फिलिंग पाइप कैप को चूड़ीदार कैप से बदला गया है तथा चोरी से बचाव के लिये विशेष लॉकिंग बोल्ट और ताले का प्रावधान उपलब्ध कराया गया है। निचली (डिस्चार्ज) फिटिंग्स में रिसाव को रोकने के लिये डमी फ्लैंज की जगह 4-इंच बॉल वाल्व लगाया गया है, जिसे कैमलॉक कपलिंग से जोड़ा गया है, ताकि अनलोडिंग होज़ का त्वरित कपलिंग और अनकपलिंग संभव हो सके। इससे रिसाव की समस्या से निपटने के साथ-साथ अनलोडिंग के दौरान समय की बचत होगी।
यह भारतीय रेल में इस प्रकार का पहला मॉडिफिकेशन है। रेलवे बोर्ड ने कोटा वर्कशॉप में दो बीटीपीएन रेक को मॉडिफाई करने का आदेश दिया है, जिनमें से पहला रेक सफलतापूर्वक तैयार कर लिया गया है। इस रेक को तीन माह तक निगरानी में रखा जाएगा, जिसके बाद रेलवे बोर्ड द्वारा भारतीय रेल के शेष बीटीपीएन वैगनों में इन संशोधनों के कार्यान्वयन पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
इस उपलब्धि से कोटा वर्कशॉप ने न केवल अपनी तकनीकी दक्षता सिद्ध की है, बल्कि भारतीय रेल के सुरक्षित एवं दक्ष संचालन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









