कस्टडी में मौत से मचा बवाल: दुष्कर्म के आरोपी की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जावरा। रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में एक 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक पर उसकी अपनी ही 16 वर्षीय बेटी ने गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने लाई थी, जहां गुरुवार सुबह उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।

कस्टडी में मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल तेज हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी अजय सारवान एवं एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक कार्रवाई की जा रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!