अतिवृष्टि से बर्बाद सोयाबीन फसल: उचित मुआवजा और एमएसपी खरीद की मांग को लेकर किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि और भारी बारिश से सोयाबीन व मूंगफली जैसी खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे अपर्याप्त मुआवजे केवल 500-700 रुपये प्रति बीघा के विरोध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में किसान कांग्रेस और कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने सोमवार को विशाल ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। गांधी चौराहा से सुशासन भवन (कलेक्टर कार्यालय) तक चली इस रैली में हजारों किसानों ने ट्रैक्टरों पर सवार होकर भाग लिया, लेकिन भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन ने जिले की सीमाओं पर बैरिकेड्स लगाकर अधिकांश ट्रैक्टरों को रोक दिया।

श्री गुर्जर ने इसे अन्नदाताओं की आवाज दबाने की साजिश करार देते हुए कहा, “भाजपा सरकार किसानों को लागत राशि जैसे श्रम, बीज, उर्वरक आदि के आधार पर उचित मुआवजा नहीं दे रही। दीपावली से पहले वास्तविक मुआवजा राशि खातों में हस्तांतरित की जाए। इसके अलावा, सोयाबीन के लिए 6,000 रुपये और मूंगफली के लिए 7,000 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित हो। भावांतर योजना को स्थगित कर सीधी एमएसपी खरीद शुरू की जाए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि अपर्याप्त मुआवजा किसानों को आर्थिक संकट में धकेल रहा है और पारदर्शी मूल्यांकन के आधार पर तत्काल राहत प्रदान की जानी चाहिए।

प्रशासन की कार्रवाई पर तीखा प्रहार करते हुए श्री गुर्जर ने कहा, “हमारी शांतिपूर्ण रैली को रोकना प्रजातंत्र के लिए कलंक है। भाजपा ने हाल ही मुआवजा की मांग पर ट्रैक्टर रैली निकाली, लेकिन हमारे प्रभावित किसानों को मंदसौर आने ही नहीं दिया गया। जिले में दो कानून चल रहे हैं, जो न्यायिक निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। यह लोकतंत्र व संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।”

रैली को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार किसान-विरोधी होकर हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। विधायक विपिन जैन ने भ्रष्टाचार-ग्रस्त सरकार के खिलाफ भोपाल तक संघर्ष का आह्वान किया। पिछड़ा वर्ग विभाग अध्यक्ष दीपक सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया, “सरकार की कोई मंशा नहीं है उचित मुआवजा देने की; यह पूरी तरह किसान-विरोधी है।” किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ललित चंदेल ने कहा कि किसानों की न्याय की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर राकेश पाटीदार, परशुराम सिसोदिया, सोमिल नाहटा, मंजित सिंह टुटेजा, शंकरलाल आंजना, गोविंद सिंह पंवार, रूपल संचेती, राजेश भरावा सहित अनेक नेताओं ने सम्बोधित किया। रैली के समापन पर एसडीएम एस.एल. शाक्य को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त खरीफ फसलों (सोयाबीन-मूंगफली) के लिए तत्काल राहत, भावांतर योजना स्थगित कर एमएसपी पर खरीद तथा रबी बुआई सहायता की मांग की गई।

इस विशाल प्रदर्शन में पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातडिया, भानपुरा जनपद अध्यक्ष विजय पाटीदार, भानपुरा नगर पंचायत अध्यक्ष शिव भानपिया, जिला पंचायत सदस्य भोपाल सिंह सोलंकी, रिंकेश डबकरा, उमराव सिंह, दुर्गेश सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिलाएं नेत्रियां जैसे रफत पयामी, इष्टा भचावत, अनीता भदोरिया, राखी सत्रावाला, अनीता खोकर, नेहा कनकमल जेन, वर्षा सांखला, रेखा बैरागी, मीना चौहान, सुनीता जादौन तथा हजारों किसान व कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!