सीतामऊ में सरकारी जमीन की बंदरबाँट, जिम्मेदारों का रवैया सवालों के घेरे में !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिछले साल एसडीएम ने अतिक्रमण हटाकर जहां शासकीय भूमि का लगाया था बोर्ड, वहीं पर अवैध अतिक्रमण कर बना ली गुमटियां

मंदसौर। सीतामऊ बस स्टैंड के पास आदर्श होटल के समीप सरकारी जमीन पर फिर से अवैध अतिक्रमण हो रहा है। पिछले साल एसडीएम और नगरपालिका की कार्रवाई में करीब 200 लोगों का शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था और वहाँ सरकारी भूमि का बोर्ड भी लगाया गया था, लेकिन अब एमपीईबी के एक रिटायर्ड कर्मचारी द्वारा मुख्य मार्ग पर दो बड़ी गुमटियाँ लगा दी गई हैं। शिकायत के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों और जिम्मेदारों के द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई जिससे कई सवाल उठ रहे हैं।

बस स्टैंड स्थित इस जगह पर सरकारी भूमि को लेकर एक साल पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका था। प्रशासन ने स्वयं बोर्ड लगाकर इसे सरकारी जमीन घोषित किया था। इसके बावजूद रिटायर्ड कर्मचारी ने दो बड़ी गुमटियाँ स्थापित कर लीं। स्थानीय लोगों ने शिकायत की, लेकिन जिम्मेदारो और अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कई लोगों का मानना है कि इसमें जिम्मेदारों की मिलीभगत हो सकती है।
इस मामले में हमारे प्रतिनिधि से चर्चा में नगर परिषद सीतामऊ के अध्यक्ष मनोज शुक्ला ने कहा कि “मैंने पहले भी हटवाया था और अभी भी बोला है, लेकिन सामने वाला समझ नहीं रहा। सीएमओ अभी छुट्टी पर हैं। आप एक बार एसडीएम को अवगत करवा दो।”

अनुविभागीय अधिकारी शिवानी गर्ग ने कहा कि “मैंने सीएमओ को कार्रवाई के लिए बता दिया है, वे कार्रवाई करेंगे।” जबकि नगर परिषद सीतामऊ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी जीवनराय माथुर को फोन लगाने पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारी एक-दूसरे की ओर इशारा कर रहे हैं, जबकि अतिक्रमण सरेआम जारी है। मुख्य मार्ग पर यह अवैध कब्जा न केवल यातायात को प्रभावित कर रहा है, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

पिछले वर्ष एसडीएम स्तर पर हुई कार्रवाई के बाद अतिक्रमण हटाया गया था और बोर्ड लगाया गया था। अब फिर से वही स्थिति बन गई है, जो प्रशासन की निगरानी और इच्छाशक्ति पर सवाल उठाता है। अगर शिकायत के बाद भी तत्काल एक्शन नहीं लिया जाता, तो यह सरकारी जमीन की “बंदरबाँट” की ओर इशारा करता है।

स्थानीय नागरिक अब कलेक्टर और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, ताकि सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!