Switch IT Pvt.Ltd. पर 50 कर्मचारियों ने लगाया शोषण का आरोप,6 माह का बॉन्ड किन्तु महीनों से नहीं मिला वेतन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम, एसडीओपी व श्रम विभाग को सौंपा ज्ञापन, एफआईआर दर्ज कर कंपनी प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। जावरा में कार्यरत करीब 50 कर्मचारियों ने निजी कंपनी Switch IT Pvt. Ltd. के प्रबंधन पर वेतन नहीं देने, आर्थिक एवं मानसिक शोषण करने तथा छह माह के बॉन्ड के नाम पर कर्मचारियों को दूसरी नौकरी करने से रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम, एसडीओपी और श्रम विभाग को शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा कई महीनों से नियमित कार्य कराने के बावजूद उनका वेतन रोका जा रहा है। जब कर्मचारी वेतन की मांग करते हैं तो उन्हें लगातार झूठे आश्वासन दिए जाते हैं तथा कई बार अभद्र व्यवहार, धमकियां और अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर उन्हें टाल दिया जाता है।

ज्ञापन के अनुसार कंपनी ने नियुक्ति के समय कर्मचारियों से छह माह का बॉन्ड हस्ताक्षरित कराया था। कर्मचारियों का कहना है कि इसी बॉन्ड का दबाव बनाकर उन्हें दूसरी कंपनी में रोजगार करने से रोका जा रहा है। एक ओर वेतन नहीं दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नौकरी छोड़ने या अन्य रोजगार अपनाने पर भी बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, जिससे कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक एवं व्यावसायिक शोषण हो रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण कई कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई, किराया, दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति तथा ऋण की किश्तें जमा करना भी मुश्किल हो गया है।

ज्ञापन में कंपनी के मुख्य संचालक राहुल कुमार सहित अन्य डायरेक्टरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कर्मचारियों को गुमराह करने तथा बकाया वेतन का भुगतान नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि कंपनी और उसके अधिकारियों के विरुद्ध अन्य पुलिस थानों में भी धोखाधड़ी एवं आर्थिक अपराधों से संबंधित शिकायतें या प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। कर्मचारियों ने मांग की है कि इन सभी मामलों की जानकारी एकत्र कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी का यह आचरण श्रम कानूनों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए, बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!