यशोधर्मन नगर पुलिस ने 10 लाख की सनसनीखेज चोरी का 15 घंटे में किया खुलासा, कर्नाटक के अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मन्दसौर। जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के कुशल निर्देशन में थाना वायडी नगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर चोरों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने बैंक से रुपए निकालकर जा रहे फरियादी की कार का कांच तोड़कर 10 लाख रुपए उड़ाने वाले गिरोह को महज 15 घंटे के भीतर धरदबोचा। पुलिस ने चोरी की गई शत-प्रतिशत राशि 10 लाख रुपए बरामद करने में सफलता हासिल की है।

घटना का विवरण
दिनांक 25 फरवरी, 2025 को फरियादी तुलसीराम धनोतिया (निवासी बोलखेड़ा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने IDFC और HDFC बैंक से कुल 18 लाख रुपए निकाले थे। घर के बाहर खड़ी कार का कांच तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने उसमें रखे 10 लाख रुपए पार कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना वायडी नगर में धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीक से मिला सुराग
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंक और घटना स्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान कर्नाटक निवासी गिरोह के सरगना के रूप में हुई। सायबर सेल की मदद से पता चला कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल से राजस्थान के कोटा की ओर भागे हैं।

300 किमी पीछा और अंतर्राज्यीय समन्वय
मन्दसौर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा। लगातार पीछा करते हुए और आपसी समन्वय के जरिए आरोपियों को थाना बस्सी जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान के पास घेराबंदी कर डिटेन किया गया। पुलिस टीम ने पूरी रात में करीब 300 किलोमीटर की दूरी तय कर आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी-
1.विष्णु उर्फ भरत (21 वर्ष): निवासी भद्रावती, जिला शिवमोगा, कर्नाटक।
2.सुनिल उर्फ बाबू (32 वर्ष): (मुख्य सरगना), निवासी भद्रावती, जिला शिवमोगा, कर्नाटक।

वारदात का तरीका
यह गैंग बेहद शातिर तरीके से चोरी को अंजाम देता था। बैंक और वित्तीय संस्थानों के बाहर मोटी रकम निकालने वालों पर नजर रखते थे। वारदात के लिए पहले मोटरसाइकिल चोरी करते और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। चोरी के बाद 100-150 किमी दूर जाकर बाइक लावारिस छोड़ देते और सार्वजनिक परिवहन (बस/ट्रेन) से भाग निकलते थे।

इस कार्यवाही में वायडी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय, सायबर सेल प्रभारी उनि रितेश नागर, उनि विनय बुन्देला और उनकी टीम के साथ-साथ राजस्थान के थाना बस्सी प्रभारी निरीक्षक चम्पालाल व उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!