मंदसौर। एसआईटी टीम ने भय्यू लाला उर्फ वाहीद की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी रुकसाना फरार बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 18 फरवरी 2026 को सूचनाकर्ता याकूब पिता बाबर खान, निवासी सुरजनी द्वारा सूचना दी गई कि वाहीद उर्फ भय्यु लाला उम्र 42 वर्ष पुलिस के डर से पलंग पेटी में छिपा था, जहां दम घुटने से उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मृतक का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत दम घुटने से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई थी।
इसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसआईटी गठन और खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना को मृतक की पत्नी रुकसाना ने अंजाम दिया। साथ ही सलमान खान और बबलु खान द्वारा घटना के साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर सबूत छिपाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल (फायर आर्म्स) भी बरामद कर ली है।

गिरफ्तार आरोपी
1. सलमान खान, पिता जमाल खान पठान, निवासी सुवासरा (हाल मुकाम सुरजनी)
2. बबलु खान, पिता अब्दुल गनी पठान, निवासी सुरजनी
फरार आरोपी
रुकसाना, पत्नी वाहीद उर्फ भय्यु, निवासी सुरजनी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए थे आरोप
सूरजनी के भय्यू लाल की हत्या के बाद उसके परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। पत्नी ने एसडीओपी दिनेश प्रजापति को₹6 लाख देने का भी आरोप लगाया था। शुरूआती जांच में भय्यू की मौत दम घुटने से बताई जा रही थी। जबकि पीएम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि मौत गोली लगने से हुई है। परिजनों ने मौत के बाद भय्यू को झोलाछाप डॉक्टर को भी दिखाया था लेकिन उसने मौत की पुष्टि कर दी थी। एसआईटी जांच में पुलिस पर मारपीट और लेनदेन का आरोपी लगानी वाली भय्यू की पत्नी रूकसाना ही मुख्य आरोपी निकली।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









