मंदसौर। जिला जेल की बंद दीवारों के पीछे अब सुई-धागे की गूंज सुनाई दे रही है। जैन सोशल ग्रुप ग्रेटर और संगिनी ग्रेटर, मंदसौर की अनूठी पहल ने महिला बंदियों के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाई है। संस्था ने जेल में बंद महिलाओं को वेजिटेबल बैग निर्माण का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इस पहल के तहत श्रीमती अनिता विनय धींग ने महिला बंदियों को बैग बनाने का प्रशिक्षण दिया और सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही, प्रति बैग मजदूरी देकर उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। प्रशिक्षण के लिए ग्राम मैनपुरिया की पिंकी माली और मनीषा माली को प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया।
ग्रेटर के संयोजक विमल पामेचा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “श्रीमती अनिता धींग द्वारा किया गया यह कार्य अनुकरणीय है। यह स्थायी रोजगार का मॉडल न केवल महिला बंदियों को आत्मसम्मान देगा, बल्कि एमपी रीजन को भी ऐसे प्रोजेक्ट्स को अपने स्थायी कार्यक्रमों में शामिल करना चाहिए। हमारा उद्देश्य दया नहीं, बल्कि दिशा देना है।” उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य का समय-समय पर ग्रेटर के पूर्व अध्यक्षों और रीजन के पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जाएगा।
जेल अधीक्षक श्री पी.के. सिंह और जेलर श्री राजेश विश्वकर्मा ने इस प्रयास को “पुनर्वास की दिशा में एक अनुकरणीय मॉडल” करार देते हुए श्रीमती धींग के कार्य की प्रशंसा की। जेल प्रशासन ने इस मानवीय पहल में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में ग्रेटर संयोजक श्री विमल पामेचा, अध्यक्ष श्री दिलीप मेहता, सचिव श्री विनय धींग, कोषाध्यक्ष श्री जय प्रकाश चोपड़ा, सह-सचिव श्री उमेश जैन, पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल जैन, श्री महावीर पाटनी, श्री प्रदीप पहाड़िया, श्री महेंद्र जैन, श्री राकेश जैन, श्री प्रदीप डोसी, संगिनी अध्यक्ष श्रीमती नीता मेहता, सचिव श्रीमती कुसुम जैन, सह-सचिव श्रीमती सुनीता पहाड़िया, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती वंदना भटेवरा, श्रीमती अनिता धींग, श्रीमती उषा पाटनी, श्रीमती कल्पना जैन, और श्रीमती सीमा कंकरेचा उपस्थित रहे।यह पहल न केवल महिला बंदियों को कौशल प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें समाज में पुनः सम्मान के साथ जीने का अवसर भी दे रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









