रतलाम। ब्लॉक बाजना की आशा कार्यकर्ताओं और सहयोगिनियों ने रिश्वतखोरी और मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होकर सशक्त कदम उठाया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में पदस्थ बीसीएम सुमन लोट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत कार्यालय में एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा।
आशा कार्यकर्ताओं ने खुलासा किया कि वर्ष 2021-22 से सुमन लोट द्वारा प्रत्येक कार्यकर्ता से हर माह 200 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। राशि न देने पर उनकी प्रोत्साहन राशि रोक दी जाती है, वाउचर नष्ट किए जाते हैं, और सेवा से निकालने की धमकियां दी जाती हैं। शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी जाती है।
इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए, कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष भंवर और बाजना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. हिमांशु राव को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस ऐतिहासिक कदम में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और सहयोगिनियां एकजुट होकर उपस्थित रहीं, जो उनके साहस और एकता का प्रतीक है। यह घटना न केवल प्रशासन के लिए एक चेतावनी है, बल्कि अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा भी देती है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









