मन्दसौर। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना सहित दो आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अजय राठौर उम्र- 30 वर्ष, निवासी मल्हारगढ़ और आदित्य पालीवाल उम्र-26 वर्ष, निवासी पिपलिया मंडी शामिल हैं। दोनों पर 20 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपी लगभग एक वर्ष से फरार थे और पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर 5,000-5,000 रुपए का इनाम घोषित किया था।

ठगी का तरीका
मुख्य आरोपी अजय राठौर ने “क्रोलिक मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड” नाम की कंपनी शुरू की। चेन सिस्टम के आधार पर लोगों को जोड़कर निवेश का लालच दिया गया। 15% मासिक रिटर्न का प्रलोभन देकर अनाधिकृत ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट किया जाता था। शुरुआत में कुछ निवेशकों को रिटर्न देकर भरोसा कायम किया गया, लेकिन करोड़ों रुपए जमा होने के बाद कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए।
मामला यशोधर्मन नगर थाने में अपराध क्रमांक 002/25 के तहत दर्ज है, जिसमें भादंसं की धारा 318(4), 316(5) तथा मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।
आरोपी तकनीकी रूप से दक्ष थे। मुख्य सरगना अजय राठौर ने एथिकल हैकिंग का कोर्स किया हुआ है और फरारी के दौरान प्रॉक्सी नेटवर्क, वर्चुअल लोकेशन तथा सीमलेस मोबाइल का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा दे रहा था। इसके बावजूद साइबर सेल और विशेष टीम की मेहनत से दोनों को पकड़ा गया।
बरामद सामान
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा थार वाहन बरामद किया, जिनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए है। ठगी की रकम, संपत्ति और लिक्विड मनी की जांच जारी है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक रितेश नगर, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, दशरथ मालवीय, मुजफ्फर उद्दीन तथा आरक्षक मनीष बघेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना जांच-पड़ताल के किसी भी आकर्षक स्कीम या फर्जी कंपनी में निवेश न करें। प्रलोभन में आकर मेहनत की कमाई ठगों के हाथ न सौंपें। सतर्क रहें, सावधान रहें और जागरूक बनें।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









