दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। नगर में गुरुवार शाम एक ऐसी घटना सामने आई जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। जन्म के कुछ ही घंटों बाद एक नवजात बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति जावरा-भीमाखेड़ी रोड स्थित बन्नाखेड़ा फंटे के पास पीलियाखाल नदी की पुलिया के नीचे छोड़कर चला गया। सौभाग्य से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई देने से उसकी जान बच गई और समय रहते पुलिस ने उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6 बजे क्षेत्र में कचरा और प्लास्टिक बीनने वाले एक व्यक्ति को पुलिया के नीचे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने तत्काल आसपास मौजूद लोगों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर लोगों ने देखा कि एक नवजात बच्ची सुनसान स्थान पर लावारिस अवस्था में पड़ी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मासूम को अपने संरक्षण में लेकर तत्काल सिविल अस्पताल जावरा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची का जन्म संभवतः गुरुवार को ही हुआ है और जन्म के कुछ समय बाद उसे वहां छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्ची समय पर नहीं मिलती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिया के नीचे सुनसान स्थान होने के कारण किसी जानवर के हमले या अन्य खतरे से उसकी जान भी जा सकती थी।
फिलहाल नवजात बच्ची को सिविल अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन उसकी देखभाल में जुटा हुआ है।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा उन लोगों की तलाश में जुटी है जिन्होंने नवजात को इस तरह असहाय अवस्था में छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज के सामने कई सवाल भी खड़े करती है। हालांकि स्थानीय नागरिकों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से एक मासूम जिंदगी को नया जीवन मिल गया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








