दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक बार फिर बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए चलती ट्रक को निशाना बनाया और चालक व कंडक्टर के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राजपुरा निवासी राकेश देवड़ा ने रावटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वे अपने ट्रक में रतलाम से यूरिया खाद भरकर आलीराजपुर की ओर जा रहे थे। ट्रक में उनके साथ कंडक्टर राकेश पारगी भी मौजूद था।

बताया गया कि रात करीब 11 बजे ट्रक धामनोद होते हुए दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर माही नदी के पहले ग्राम माला की बीड़ स्थित पुल के समीप पहुंचा। इसी दौरान चार बदमाशों ने अचानक ट्रक का रास्ता रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने चालक और कंडक्टर को वाहन से नीचे उतारकर पत्थरों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जबकि कंडक्टर राकेश पारगी को गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया।
घटना के दौरान संयोगवश एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पेट्रोलिंग दल ने तत्परता दिखाते हुए नारू और उसके साथी ईश्वर, दोनों निवासी पीपली का माल, को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद डायल-112 को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एनएचएआई टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द किए जाने के बाद रावटी पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए मोतीलाल, महेश, दिनेश, बबलू तथा सूरपाल सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी पीपली का माल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन इस घटना ने हाईवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








