पीएम आवास में बवाल: नोटिस चस्पा करने पहुंची निगम टीम पर पथराव, अधिकारियों-कर्मचारियों को जान बचाकर भागना पड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

208 बकायादारों को तीन दिन का अंतिम अल्टीमेटम, 4 अगस्त से बेदखली और एफआईआर की चेतावनी

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसीगांव स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बकाया राशि के अंतिम नोटिस चस्पा करने पहुंची नगर निगम की टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और निगम अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि निगम के वाहन भी घटनास्थल पर ही छूट गए। बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा कार्रवाई कर नोटिस चस्पा किए गए।

सुबह करीब 11 बजे नगर निगम का अमला डोसीगांव स्थित पीएम आवास योजना के ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में रहने वाले 208 बकायादार हितग्राहियों को अंतिम नोटिस देने पहुंचा था। टीम में स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार सहित इंजीनियरिंग और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। जैसे ही फ्लैटों पर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई शुरू हुई, कुछ रहवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और नारेबाजी के बीच पथराव शुरू हो गया।

अचानक हुए पथराव से निगम अमले में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और कर्मचारी जान बचाकर मौके से निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अधिकारी अपने वाहन भी वहीं छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। घटना के दौरान कवरेज कर रहे एक मीडियाकर्मी को भी चोट आई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त अनिल भाना मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर पुलिस बल तैनात किया गया। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और टीआई गायत्री सोनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच निगम की टीम ने दोबारा नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई पूरी की।

तीन दिन का अंतिम मौका, फिर होगी बेदखली
नगर निगम के अनुसार संबंधित हितग्राहियों को तीन दिन के भीतर 1.80 लाख रुपये की बकाया राशि जमा करने का अंतिम अवसर दिया गया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर 4 अगस्त से फ्लैट खाली कराने, कब्जा हटाने तथा एफआईआर सहित वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।

396 में से 208 हितग्राहियों पर बकाया
आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत डोसीगांव की शिवशंकर बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में 396 पात्र हितग्राहियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए गए थे। इनमें 188 हितग्राहियों ने निर्धारित दो लाख रुपये का अंशदान जमा कर दिया, जबकि 208 हितग्राहियों ने केवल मार्जिन मनी जमा कर फ्लैटों पर कब्जा ले लिया, लेकिन शेष राशि का भुगतान अब तक नहीं किया।

पथराव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों और कर्मचारियों पर पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!