जावरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेतों से लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 क्विंटल चोरी का लहसुन नीमच मंडी में बेच डाला, ₹70 हजार नकद, पल्सर बाइक और ऑटो जब्त; तीन अन्य साथी फरार

जावरा/रतलाम। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने सुनसान खेत-मकानों को निशाना बनाकर कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नागदी गांव स्थित खेत से चोरी किए गए करीब 09 क्विंटल लहसुन को नीमच मंडी में बेच दिया था। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त ₹70,000 नकद, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो सहित कुल करीब ₹4 लाख का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने यह कार्रवाई की।

खेत से 17 बोरियों में रखा लहसुन चोरी
फरियादी बसंतीलाल हाडा उम्र 69 वर्ष निवासी अरिहंत कॉलोनी, जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की शाम से 28 जुलाई की सुबह के बीच ग्राम नागदी स्थित उनके खेत पर बने मकान से 17 बोरियों में रखा लगभग 09 क्विंटल लहसुन अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 420/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पहुंचे आरोपियों तक
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार पतारसी के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
आमीन खान उम्र 38, निवासी ग्राम भावगढ़, जिला मंदसौर।
सादिक कुरैशी उम्र 30 निवासी मेवातीपुरा, जावरा।

पूछताछ में दोनों ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किया गया लहसुन नीमच मंडी में बेच दिया था।

मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी आमीन खान के विरुद्ध प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, चांदी चोरी, सोयाबीन चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी और आबकारी अधिनियम के कई प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड का विस्तृत सत्यापन कर रही है।

अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
पुलिस का मानना है कि पूछताछ में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में कृषि उपज और खेत-मकानों में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश गाडरिया, उनि. कुलदीप डाबी, उनि. मोहम्मद अय्यूब खान सहित थाना औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस टीम एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!