दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी नवीन प्रशासनिक तबादला सूची में रतलाम जिले को एक बार फिर नया कलेक्टर मिल गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान कलेक्टर मिशा सिंह का तबादला कर उन्हें शाहडोल कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के साथ ही रतलाम में बार-बार होने वाले कलेक्टरों के तबादले को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
रतलाम जिला पिछले कुछ वर्षों से प्रशासनिक अस्थिरता का सामना कर रहा है। बीते पांच वर्षों में जिले को लगातार नए कलेक्टर मिलते रहे हैं। स्थिति यह है कि कोई भी अधिकारी लंबे समय तक जिले में अपनी सेवाएं नहीं दे पाया। इसका असर प्रशासनिक निरंतरता और विकास कार्यों पर भी महसूस किया जा रहा है।

10 महीने में ही बदल गई कमान
मिशा सिंह ने अक्टूबर 2025 में रतलाम कलेक्टर का पदभार संभाला था, लेकिन जुलाई 2026 में उनका तबादला कर दिया गया। इस तरह वे अपना एक वर्ष का कार्यकाल भी पूरा नहीं कर सकीं। इससे पहले भी कई कलेक्टरों का कार्यकाल अपेक्षाकृत छोटा रहा, जिससे जिले में प्रशासनिक स्थिरता कायम नहीं हो सकी।
पांच साल में छह आईएएस अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
रतलाम जिले में पिछले पांच वर्षों के दौरान कलेक्टर पद पर रहे अधिकारियों की सूची इस प्रकार है—
अजय कटेसरिया – जुलाई 2026 से (वर्तमान)
मिशा सिंह – अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026
राजेश बाथम – मार्च 2024 से अक्टूबर 2025
भास्कर लक्षकार – अक्टूबर 2023 से मार्च 2024
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी – मई 2022 से अक्टूबर 2023
कुमार पुरुषोत्तम – मई 2021 से मई 2022
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में औसतन हर 10 से 12 महीने में कलेक्टर का परिवर्तन हुआ है।
विकास योजनाओं की निरंतरता बनती है चुनौती
प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी जिले में विकास योजनाओं को गति देने और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों का पर्याप्त समय तक पदस्थ रहना आवश्यक होता है। लगातार तबादलों के कारण नए अधिकारी पहले जिले की परिस्थितियों, स्थानीय आवश्यकताओं और प्रशासनिक चुनौतियों को समझने में समय लगाते हैं, जिससे कई दीर्घकालीन योजनाओं की गति प्रभावित होती है।
नई जिम्मेदारी, नई उम्मीदें
अब जिले की कमान अजय कटेसरिया के हाथों में है। आमजन और प्रशासनिक हलकों की नजर इस बात पर रहेगी कि वे जिले में विकास कार्यों को किस प्रकार आगे बढ़ाते हैं और प्रशासनिक व्यवस्था को कितनी मजबूती प्रदान करते हैं। साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि क्या रतलाम में बार-बार कलेक्टर बदलने का सिलसिला थमेगा या प्रशासनिक बदलावों का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








