नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत कार्रवाई, दो कारें व चार मोबाइल भी जब्त; चार आरोपी फरार
गरोठ। जिले की गरोठ पुलिस ने ‘नशा मुक्ति अभियान – नशे से दूरी है जरूरी’ विशेष अभियान 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 173 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, एमडी ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले 24.57 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, दो कारें तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं। मामले में चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश
पुलिस के अनुसार शनिवार को उपनिरीक्षक धन्नालाल योगी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पावटी में रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े में एमडी ड्रग्स और उसके निर्माण में प्रयुक्त होने वाले केमिकल रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से 173 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ हाइड्रोक्लोरिक एसडी 12.750 किग्रा, एमएमए केमिकल 6.460 किग्रा और एमडीसी केमिकल 5.360 किग्रा बरामद किए।
दो कारें और चार मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वेन्यू क्रमांक MP14-ZE-2197 और मारुति स्विफ्ट MP14-CC-4035 कार को भी जब्त किया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किए गए।

दो आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से रणजीत सिंह उम्र 30वर्ष निवासी पावटी और ईश्वर सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी ढाकनी को गिरफ्तार किया। वहीं मामले में दीपक गुर्जर गोघटपुर, जिला राजगढ़, विक्रम उर्फ गुड्डूसिंह बरखेड़ी मिठ्ठू, राजेंद्र सिंह बर्डिया अमरा और राजू लाला सुरजनी, थाना सीतामऊ फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








