शामगढ़। क्षेत्र में श्मशान घाटों से अस्थियां चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में शामगढ़ में हुई घटना के बाद अब ग्राम सगोरिया के शांतिधाम से भी अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है, वहीं क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, श्रीमती कमलाबाई डारिया का निधन 29 जून को हुआ था। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार ग्राम सगोरिया के शांतिधाम में किया गया। मंगलवार, 30 जून को जब परिजन अस्थि-संग्रह के लिए श्मशान पहुंचे तो उन्हें अस्थियां नहीं मिलीं। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल पर तंत्र-मंत्र से जुड़ा कुछ सामान भी पड़ा मिला, जिससे मामले को लेकर आशंकाएं और गहरा गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचा रही हैं, बल्कि श्मशान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र पहचान करते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
शामगढ़ में भी हो चुकी अस्थियां चोरी
कुछ दिनों पूर्व शामगढ़ के मुक्तिधाम से भी अस्तियां चोरी होने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि शामगढ़ में भी चौदस पूनम की मध्यरात्रि को अस्थियां चोरी की घटना हुई थी और सगोरिया में कल जो घटना हुई वो भी चौदस पूनम की मध्यरात्रि में हुई है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








