अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर वाहिद उर्फ भय्यू लाला की संदिग्ध मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाए पुलिस पर हत्या के आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनडीपीएस एक्ट सहित 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज है भय्यू लाला पर, कई प्रकरणों में था फरार

मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के सुरजनी गांव में कुख्यात ड्रग तस्कर वहिद उर्फ भय्यू लाला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि वह पुलिस की दबिश से बचने के लिए बेड बॉक्स (दिवान) में छिप गया था, जहां दम घुटने से उसकी मौत हुई। वहीं, परिवार ने पुलिस पर मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार देर रात की है। सीतामऊ पुलिस को सूचना मिली कि भय्यू लाला घर पर है। पुलिस ने उसके घर को घेर लिया और दबिश दी। पुलिस के अनुसार, भय्यू लाला पुलिस को देखकर बेडरूम में रखे दिवान में घुस गया और खुद को लॉक कर लिया। पुलिस ने घर की तलाशी ली लेकिन उसे नहीं पाया और चली गई। बाद में परिवार वालों ने दिवान खोला तो वह बेहोश पड़ा मिला। उसके नाक और कान से खून बह रहा था। पुलिस का कहना है कि बॉक्स में ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने के कारण मौत हुई।

भय्यू लाला का आपराधिक इतिहास
भय्यू लाला एक अंतरराज्यीय ड्रग माफिया का प्रमुख सदस्य था, जिस पर मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में कुल 19 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, लूट और दंगा जैसे प्रकरण शामिल हैं। वह पांच मामलों में फरार चल रहा था और उस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था। हाल ही में, जनवरी 2026 में मुंबई पुलिस ने 23 ग्राम एमडी जब्त की थी, जिसका कनेक्शन मंदसौर से जुड़ा था। 13 जनवरी को मुंबई और थाने पुलिस की टीमों ने सुरजनी गांव में दबिश दी थी, जहां से उसके दो साथी मनोहर गुर्जर और जाजू सुल्तान को 10 किलो एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया। भय्यू लाला फरार हो गया था, और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जोधपुर, कोटा और नीमच में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज थे। कई पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।

परिवार ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी, पुत्र और परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस घर में घुसी और भय्यू लाला को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हुई। उन्होंने पुलिस पर 25 लाख रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया ताकि मारपीट की रिकॉर्डिंग न मिल सके।

इस मामले में मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया से मिली। प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत लगती है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। शव का पोस्टमॉर्टम गुरुवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। परिवार ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना नहीं दी, और शव देर रात तक घर पर रहा।
परिजन मौत को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विसरा परीक्षण के बाद मौत का असली कारण स्पष्ट होगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!