दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जावरा के शासकीय अस्पताल में भर्ती एक महिला को कमरे में बंद कर सोने-चांदी के गहने लूट लिए जाने की सूचना से गुरुवार सुबह अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस व अस्पताल प्रशासन की जांच में यह मामला पूरी तरह झूठा और अफवाह साबित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरदा निवासी मगनबाई माली को आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगने के चलते सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें रात में जावरा सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया था। तड़के महिला वॉशरूम जाने के लिए निकली, लेकिन लौटते समय वह वार्ड में जाने के बजाय पैथोलॉजी लैब के पास खुले पड़े एक कमरे में चली गई। बीमार अवस्था के चलते वहीं अचानक बेहोश हो गई।
सुबह अस्पताल कर्मचारियों ने जब महिला को कमरे से बाहर निकाला तो उसे भ्रम हुआ कि किसी ने उसे कमरे में बंद कर दिया है और उसके सोने-चांदी के गहने लूट लिए गए हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी पायजेब और सोने की कान की बाली गायब है। महिला की बात सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन व ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया ने बताया कि महिला को सांस लेने में परेशानी थी, संभव है कि कमरे में जाने के दौरान ऑक्सीजन लेवल कम होने से वह बेहोश हो गई हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने सिटी थाना पुलिस को सूचना दी और विभागीय जांच भी प्रारंभ करवाई गई।
पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और महिला से पूछताछ की। जांच के दौरान बड़ा खुलासा तब हुआ जब जिस सोने की बाली के लूटे जाने का आरोप लगाया गया था, वही बाली महिला के पास से बरामद हो गई। वहीं पायजेब के संबंध में सामने आया कि महिला उसे पहनकर आई ही नहीं थी।
पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महिला द्वारा बताई गई लूट की कहानी प्रथम दृष्टया झूठी पाई गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल इस घटना को लेकर फैली अफवाह पर विराम लग गया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









