चूने की लाइन तक सिमटी कार्रवाई : पिपलौदा रोड पर फिर बेपटरी हुआ यातायात, स्थायी समाधान की दरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। शहर के सबसे चौड़े और व्यस्ततम पिपलौदा रोड पर दिनभर लगने वाले जाम और अव्यवस्था को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों व नागरिकों के आक्रोश के बाद शनिवार को नगर पालिका एवं ट्रैफिक विभाग हरकत में आया। संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर चूने की लाइन खींचकर ठेले और वाहनों को निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए तथा अतिक्रमण हटाने की औपचारिक पहल की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक सख्ती जरूर दिखाई दी। दुकानों के बाहर सड़क तक फैला सामान जब्त किया गया, कई ठेला चालकों को समझाइश दी गई और कुछ समय के लिए ऐसा प्रतीत हुआ मानो पिपलौदा रोड पर यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट आई हो। राहगीरों ने भी राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत क्षणिक साबित हुई।
प्रशासनिक अमला जैसे ही मौके से रवाना हुआ, वैसे ही चूने की लाइनें केवल दिखावटी लकीर बनकर रह गईं। लाइन के बाहर दोबारा वाहन खड़े हो गए, दुकानों के सामने फिर से सामान सज गया और ठेले पुनः सड़क तक आ पहुंचे। कुछ ही देर में पिपलौदा रोड की हालत कार्रवाई से पहले जैसी ही अव्यवस्थित और जामग्रस्त नजर आने लगी।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यह स्थिति साफ दर्शाती है कि स्थायी निगरानी के बिना की गई कार्रवाई महज खानापूर्ति है। सबसे चौड़ा रोड होने के बावजूद दिनभर जाम, स्कूल छुट्टी के समय और शाम के व्यस्त घंटों में सड़क पार करना आज भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है।
स्थानीयों का सुझाव – वन-वे ट्रैफिक ही समाधान
रहवासियों का मानना है कि जब तक पिपलौदा रोड पर नियमित ट्रैफिक जवानों की तैनाती, अतिक्रमण पर सतत कार्रवाई और नियम तोड़ने वालों पर दंडात्मक कदम नहीं उठाए जाते, तब तक ऐसी कार्रवाइयां केवल अखबारों की सुर्खियां बनती रहेंगी।
स्थायी समाधान के लिए नागरिकों ने मुख्य चौराहे से श्रीनगर कॉलोनी तक सड़क के बीच अस्थायी बैरिकेडिंग कर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि आमने-सामने से आने वाले वाहनों के कारण लगने वाला जाम रोका जा सके। इससे सड़क के दोनों ओर ठेलों और बेतरतीब खड़े वाहनों पर भी स्वतः नियंत्रण रहेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि—
क्या नगर पालिका और ट्रैफिक विभाग केवल दबाव पड़ने पर ही सक्रिय होगा?
क्या पिपलौदा रोड की सुरक्षा और व्यवस्था कुछ घंटों की कार्रवाई तक ही सीमित रहेगी?
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थायी और ठोस समाधान नहीं किया गया तो वे पुनः प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। पिपलौदा रोड पर अब नागरिक दिखावटी सख्ती नहीं, बल्कि स्थायी और प्रभावी यातायात व्यवस्था चाहते

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!