तहसील रोड निर्माण विवाद से शुरू हुआ मामला अब राजनीतिक और सामाजिक टकराव में बदला, शनिवार को भी नगर बंद का आह्वान
सुवासरा। तहसील रोड पर चल रहे सीसी रोड निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं के आह्वान पर सुवासरा नगर पूर्णतः बंद रहा। प्रदर्शनकारियों ने सभा चौक पर धरना देने के बाद पेट्रोल पंप चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान एक ट्रक का कांच फोड़े जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे कुछ स्कूली बच्चे भी लाठीचार्ज की चपेट में आने की बात सामने आई है।

वहीं, प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रिंस सूर्यवंशी के खिलाफ शिकायत पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को भी नगर बंद रखने का आह्वान किया गया है।
सड़क निर्माण रुकवाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि तहसील रोड पर बन रही सीसी रोड के निर्माण को रुकवाने की मांग को लेकर मुस्लिम समाज और आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी ने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ पुराना बस स्टैंड पर चक्काजाम किया था। इस मामले में भाजपा नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंस सूर्यवंशी सहित 16 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया था।
इसके बाद मोहर्रम के दौरान पुराना बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में प्रिंस सूर्यवंशी ने ताजियों का स्वागत किया तथा मुस्लिम समाज को संबोधित किया। उनके संबोधन के बाद भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि प्रिंस सूर्यवंशी उनके प्रतिष्ठानों पर पहुंचे और उन्हें धमकाने तथा विवाद करने का प्रयास किया।
जिन लोगों ने इस संबंध में शिकायत किए जाने की बात कही है, उनमें पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील मांदलिया, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. बलराम परिहार और सांसद प्रतिनिधि दिलीप कुमावत के नाम सामने आए हैं।
सांसद प्रतिनिधि के प्रतिष्ठान पर जुटे भाजपा नेता
घटना के बाद सांसद प्रतिनिधि दिलीप कुमावत के प्रतिष्ठान पर नगरवासी एवं भाजपा नेता एकत्र हुए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और आवेदन लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आवेदन लेने के बाद भी करीब एक घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद भाजपा नेताओं एवं हिंदू संगठनों ने नगर बंद का ऐलान कर दिया।
सुबह से बंद रहा पूरा नगर
शुक्रवार सुबह से ही सुवासरा नगर के अधिकांश बाजार बंद रहे। हिंदू संगठनों एवं भाजपा नेताओं ने सभा चौक पर धरना शुरू कर दिया। मौके पर एसडीओपी दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल और तहसीलदार सुनील पीडियार सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।
पेट्रोल पंप चौराहे पर चक्काजाम, ट्रक का कांच टूटने के बाद लाठीचार्ज
दोपहर करीब 2:30 बजे प्रदर्शनकारी पेट्रोल पंप चौराहे पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसी दौरान प्रदर्शन से निकलने का प्रयास कर रहे एक ट्रक के कांच टूटने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लाठीचार्ज के दौरान वहां से गुजर रहे स्कूली बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए।
लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
चक्काजाम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ.विजय पाटीदार और भाजपा नेताओं ने भी थाने पहुंचकर प्रिंस सूर्यवंशी के खिलाफ आवेदन दिया। इसके बाद भाजपा नेता चक्काजाम समाप्त करवाने के लिए प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि प्रिंस सूर्यवंशी की गिरफ्तारी और प्रकरण दर्ज होने तक प्रदर्शन समाप्त नहीं किया जाएगा।
शाम करीब 5 बजे प्रदर्शनकारी दोबारा सभा चौक पहुंचे। देर शाम तक पुलिस की ओर से प्रिंस सूर्यवंशी की गिरफ्तारी अथवा उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की कार्रवाई नहीं होने से प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बनी रही।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति, सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रदर्शनकारियों ने विधायक को भी घेरा
पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थानीय विधायक हरदीप सिंह डंग को भी एक बार प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। बताया गया कि विधायक ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद वे वहां से रवाना हुए।
दूसरी ओर, आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी द्वारा दिनभर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदर्शनकारियों और घटनाक्रम को लेकर टिप्पणियां किए जाने की भी चर्चा रही।
नगर में राजनीतिक चर्चा भी तेज
घटनाक्रम के बाद सुवासरा नगर में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। लोगों के बीच यह चर्चा है कि भाजपा शासन में भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों को ही अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए आंदोलन और प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस का कहना
थाना प्रभारी सुवासरा राजेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी के खिलाफ अभी कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। मामले की जांच चल रही है और शीघ्र ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








