43 आपराधिक मामलों में आरोपी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुनील सूर्या को रतलाम पुलिस ने उदयपुर से किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। रतलाम पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुनील सूर्या को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। सुनील सूर्या पर विभिन्न थानों में 43 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

20 लाख की ड्रग्स जब्ती से शुरू हुआ मामला
पुलिस ने 6 मई 2025 को जावरा में 200 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये है, के साथ ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कमलेश जैन (51) और साबिर खान (27) को गिरफ्तार किया था। दोनों सफेद रंग की स्विफ्ट कार (MP 43 ZA 7047) में ड्रग्स ले जा रहे थे। पूछताछ में दोनों ने ड्रग्स सुनील सूर्या से प्राप्त करने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस ने सायबर सेल की मदद से सूर्या की तलाश शुरू की और उसे सोमवार को उदयपुर से धर दबोचा।

43 आपराधिक मामलों का आरोपी
सुनील सूर्या के खिलाफ रतलाम के विभिन्न थानों में 43 मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, मारपीट, धमकी, ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वह स्टेशन रोड थाने की गुंडा लिस्ट में भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, सूर्या ने शहर के कई सभ्रांत लोगों को ड्रग्स सप्लाई करने की बात भी कबूली है।

MDMA ड्रग्स मामले में भी नाम
17 मार्च 2024 को स्टेशन रोड पुलिस ने आशीष नामक व्यक्ति को 30 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। आशीष ने पूछताछ में बताया था कि वह ड्रग्स सुनील सूर्या और अन्य को देने जा रहा था।

राजनेताओं के साथ फोटो वायरल
सुनील सूर्या ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर शहर के राजनेताओं, जिसमें मंत्री शामिल हैं, के साथ फोटो अपलोड किए हैं, जो चर्चा का विषय बने हुए हैं। ये फोटो भी किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के नहीं बल्कि मंत्री के निवास का है। हिस्ट्रीशीटर वहां तक कैसे पहुंचा ये भी जांच का विषय है।

पुलिस की रणनीति और रिमांड
एसपी अमित कुमार ने बताया कि सूर्या को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क की गहन जांच की जा सके। इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी, सायबर सेल के मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण, हिम्मत, विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोरसिंह और जितेंद्र व्यास की अहम भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!