मंदसौर। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वित्तीय साक्षरता प्रतियोगिता में मंदसौर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (एनआईईएसएम) एवं भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 के रीजनल राउंड के लिए क्वालीफाई कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
चयनित विद्यार्थी आगामी सितंबर माह में भोपाल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस सफलता को विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण तथा विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव आर. ठाकुर ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण लगन एवं समर्पण के साथ तैयारी करने का आह्वान किया, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित कर सकें।
अकादमिक अधिष्ठाता डॉ. सदानंद पुरी ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वहीं कुलसचिव प्रो. आशीष पारिख ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता, विश्लेषणात्मक सोच, निर्णय क्षमता तथा व्यावसायिक समझ विकसित करने में सहायक होती हैं, जो उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में मिली सफलता राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक परिणाम है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ कौशल विकास, प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन, उद्योग आधारित प्रशिक्षण तथा अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दे रहा है।
संकाय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंदसौर विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाएंगे। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








