नीमच। ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल नीमच में एक मरीज की मौत के बाद कवरेज करने पहुंचे पत्रकार के साथ अस्पताल प्रबंधन द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस घटना पर जिला युवा प्रेस क्लब ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 मई 2026 को शाम को ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत हो गई। मरीज के परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने के बाद घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे महाकाल एक्सप्रेस समाचार पत्र के संपादक आशीष बंग के साथ अस्पताल प्रबंधन ने कवरेज करने से रोकते हुए बदसलूकी की।
पत्रकार आशीष बंग के अनुसार, जब वे फोटो और वीडियो बनाने लगे तो अस्पताल स्टाफ ने उन्हें रोका और उनके मोबाइल फोन को छीनने का प्रयास भी किया। इस घटना से पत्रकार खुद को असुरक्षित और असहज महसूस कर रहे हैं।

इस मामले को लेकर जिला युवा प्रेस क्लब ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं : ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पत्रकार आशीष बंग के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में उचित कार्रवाई की जाए। भविष्य में किसी भी पत्रकार को कवरेज करने से रोकने, डराने-धमकाने या अपमानित करने वाली घटनाओं को रोकने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। निजी अस्पतालों और संस्थानों में मीडिया कर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

प्रेस क्लब ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाना उनका दायित्व है। यदि निजी संस्थान पत्रकारों को कवरेज करने से रोकते हैं या दबाव बनाते हैं, तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए खतरा है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








