जावरा में बसों की संयुक्त चेकिंग: लापरवाही उजागर, 59,500 का जुर्माना, एक बस जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रतलाम/जावरा (दीपक सोनी)। जिला परिवहन विभाग और जावरा यातायात पुलिस ने यात्री और स्कूल बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें निजी बस संचालकों की लापरवाही खुलकर सामने आई। ताल रोड पर चलाए गए इस अभियान में बसों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव और नियमों की अनदेखी पाई गई। कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स गायब था, तो कहीं दरवाजे को रस्सी से बांधकर चलाया जा रहा था। कुछ बसें बिना परमिट और नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही थीं। ऐसे में यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजमी है।

कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान में जिला परिवहन अधिकारी दीपक मांझी और यातायात प्रभारी सोनू वाजपेई की अगुवाई में 40 वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान स्कॉलर स्कूल जावरा की दो बसों पर विभिन्न उल्लंघनों के लिए 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। ताल में एक यात्री बस पर 7,500 रुपये और जावरा में दो अन्य यात्री बसों पर 22,000 रुपये का चालान किया गया। एक बस पर 2.5 लाख रुपये का मोटर यान कर बकाया होने के कारण उसे जब्त करने की कार्रवाई की गई। बस संचालक के असहयोग पर क्रेन की मदद से वाहन को औद्योगिक थाने में रखवाया गया। एकता बस सहित अन्य बसों में फर्स्ट एड बॉक्स जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी पाए जाने पर भी कार्रवाई की गई।

अभियान पर सवाल, क्या सिर्फ ताल रोड तक सीमित है ?
हालांकि, इस अभियान पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चेकिंग केवल ताल रोड पर ही क्यों हुई? यदि महू-नीमच रोड पर कार्रवाई होती, तो बिना परमिट के एक ही परमिट पर जावरा से रतलाम और मंदसौर तक कई चक्कर लगाने वाली बसें भी पकड़ में आतीं। आलोचकों का मानना है कि ताल रोड की कार्रवाई से कई संचालक सतर्क हो गए या उन्हें पहले ही सतर्क कर दिया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने साफ किया कि यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। यह अभियान न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता भी बढ़ाएगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!