दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और फुटपाथों पर कब्जे की शिकायतों को देखते हुए बुधवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर रखा सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 30 से अधिक दुकानदारों का सामान जब्त कर नगर पालिका के वाहन में भरकर ले जाया गया।

अभियान की शुरुआत गौशाला रोड से हुई, जो रतलामी गेट, लक्ष्मीबाई रोड, नीम चौक, पिंजारवाड़ी, घंटाघर चौराहा, बजाजखाना, पल बाजार, गंजा चौक चौराहा होते हुए बोहरा बाखल क्षेत्र तक चला। कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा फुटपाथों और सड़कों तक सामान फैलाकर रखने के कारण आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अमले को देखकर मचा हड़कंप
जैसे ही संयुक्त अमला बाजार क्षेत्र में पहुंचा, व्यापारियों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने तुरंत अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ का सामान मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
कुछ जगह हुई नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और अमले के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और अभियान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।
दोबारा अतिक्रमण पर होगी चालानी कार्रवाई
यातायात प्रभारी मोनिका सिंह चौहान ने बताया कि दुकानदारों को कई बार चेतावनी देने के बावजूद वे फुटपाथ और सड़कों पर सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। ऐसे में अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के दौरान नगर पालिका के दशरथ चौहान, बागवान अयूब भाई सहित नपा और पुलिस का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









