रतलाम पुलिस के ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ की गूंज: जिलेभर में महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और महिलाओं एवं बच्चों को ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ लगातार गति पकड़ रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में संचालित 15 दिवसीय अभियान के चौथे दिन शनिवार को जिलेभर में “महिला एवं बाल सुरक्षा दिवस” के रूप में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, अस्पतालों, एटीएम, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन शोषण, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग के खतरे, डिजिटल सुरक्षा, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं एनसीआरपी पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनिशा जैन ने थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम ढोढर में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए महिलाओं एवं बच्चों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं और बच्चे साइबर अपराधियों के आसान निशाने बन रहे हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक, अज्ञात कॉल, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट या ऑनलाइन लालच से बचना बेहद आवश्यक है। उन्होंने साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील भी की।

जिलेभर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। थाना रावटी में ग्रामीणों के साथ बैठक कर साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की समझाइश दी गई। जावरा शहर में उपनिरीक्षक शशिकला चौहान ने चौपाटी पर आमजन के साथ जनसंवाद किया तथा सांदीपनि हाई सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर बुलिंग एवं ऑनलाइन शोषण से बचने के उपाय बताए। ताल एवं बाजना थाना क्षेत्रों में एसबीआई एटीएम पर सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की जानकारी दी गई, जबकि सरवन, बरखेड़ाकला, कालूखेड़ा, दीनदयाल नगर, औद्योगिक क्षेत्र रतलाम तथा औद्योगिक क्षेत्र जावरा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी स्कूलों, अस्पतालों, बैंकों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश भी दिया गया।

रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी ओटीपी, बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का शिकार हों तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य है कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच बन सकते हैं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!