दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। यातायात सप्ताह के अवसर पर यातायात पुलिस विभाग के तत्वावधान में “सेवा आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत लायंस क्लब जावरा एवं संजीवनी फाउंडेशन जावरा के संयुक्त सहयोग से ऑटो रिक्शा चालकों एवं अन्य वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सुरक्षित यातायात को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवराजसिंह (सीएसपी) एवं मोनिका चौहान (यातायात सूबेदार) उपस्थित रहीं, जबकि शिविर की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट द्वारा यातायात सूबेदार मोनिका चौहान का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इसके पश्चात यातायात पुलिस विभाग द्वारा सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने कहा कि ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहन चालक शहर की जीवनरेखा हैं। उनकी सजग दृष्टि न केवल उनकी आजीविका का आधार है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा की भी गारंटी है। नियमित नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच से सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है, इसलिए प्रत्येक चालक को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए।
इस अवसर पर यातायात सूबेदार मोनिका चौहान ने उपस्थित चालकों को यातायात नियमों के पालन, नेत्र सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सीपीआर (CPR) के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में किसी व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है, इसका पुतले पर प्रायोगिक प्रदर्शन कर समझाया। प्रशिक्षण के दौरान चालकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए “गोल्डन आवर” के महत्व को समझा और जीवन रक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं।
निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में यातायात पुलिस विभाग से समरथमल, जयंती पाटीदार, यातायात संगठन अध्यक्ष अयूब भाई, राहुल राठौड़, कन्हैयालाल, तिलक, विनोद, प्रकाश मेहता सहित बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा चालक एवं अन्य वाहन चालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को उपस्थितजनों ने अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी बताते हुए सराहा तथा भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









