उज्जैन में संभागीय बॉडी बिल्डिंग संगठन का गठन, मंदसौर के शैलेंद्र सिसोदिया बने महासचिव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उज्जैन। राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश के मुख्यालय उज्जैन में संभागीय बॉडी बिल्डिंग संगठन के गठन के लिए प्रथम साधारण सभा का आयोजन आशीर्वाद गार्डन में किया गया। इस बैठक में उज्जैन, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, देवास और आगर जिलों के तीन-तीन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। राज्य शरीर सौष्ठव संस्था के मार्गदर्शन में संभागीय बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन का सर्वसम्मति से निर्विरोध गठन किया गया।

खिलाड़ी से बड़ा कोई स्टार नहीं: वैभव यादव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उज्जैन जिला बैडमिंटन संगठन के अध्यक्ष वैभव यादव ने कहा, “सिपाही और खिलाड़ी अपने पराक्रम, शौर्य और अनुशासन से तिरंगे का मान विश्व में बढ़ाते हैं। खिलाड़ी से बड़ा कोई स्टार नहीं होता।” उन्होंने नवगठित इकाई को खेल भावना की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन प्रेम सिंह यादव ने की, जबकि समाजसेवी डॉ. रविंद्र सोलंकी विशेष अतिथि रहे। स्वागत उद्बोधन पूर्व मिस्टर इंडिया (सिविल सर्विसेज) और राज्य इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा ने दिया। आयोजन के सूत्रधार शैलेंद्र व्यास स्वामी थे।

संभागीय संगठन की नवनिर्वाचित टीम
नवगठित संभागीय बॉडी बिल्डिंग संगठन के पदाधिकारियों में मकबूल वारसी (शाजापुर) को अध्यक्ष, शैलेंद्र सिंह सिसोदिया (मंदसौर) को महासचिव और अर्जुन पंडित (नीमच) को कोषाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर अमित कनोजिया (उज्जैन), लोकेश भार्गव (मंदसौर), महबूब खान (नीमच), खुमान सिंह बेस (देवास) और राजकुमार शिंदे (रतलाम) नियुक्त किए गए। संयुक्त सचिव के रूप में कीर्तिश जैन (मंदसौर), संजय सुलानिया (नागदा), अनिल चावंड (उज्जैन), इमरान पठान (नीमच) और मुर्तजा मुल्तानी (आगर) निर्वाचित हुए।

निर्वाचन प्रक्रिया की जिम्मेदारी अकबर शेख अज्जू (देवास) ने संभाली, जिनके सहायक निर्वाचन अधिकारी समीर व्यास (इंदौर) और इंजीनियर गजेंद्र मेहता (उज्जैन) थे। आभार प्रदर्शन जितेंद्र सिंह कुशवाहा ने किया।

मंदसौर बॉडी बिल्डिंग संघ ने दी बधाई
मंदसौर के शैलेंद्र सिसोदिया के संभागीय महासचिव, लोकेश भार्गव के उपाध्यक्ष और कीर्तिश जैन के संयुक्त सचिव निर्वाचित होने पर दशपुर जिला बॉडी बिल्डिंग संघ ने हर्ष व्यक्त किया। संघ के जिलाध्यक्ष विशाल गोयल (उद्योगपति), संरक्षक प्रकाश सिसोदिया (प्रधान संपादक, दैनिक मालव अलंकरण), वरिष्ठ उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मिश्रा, संदीप मेहता, विकास भंडारी (सीए), प्रवीण खत्री, अमित गोदावत, विजय टेकचंदानी, मनीष सोनी, सितेश बसेर, भूपेंद्र सिंह चावड़ा और महेंद्र सिंह चौहान ने बधाई दी।

वैभव यादव का खेल अभिनंदन
कार्यक्रम में वैभव यादव का विशिष्ट खेल अभिनंदन किया गया। यह आयोजन न केवल संभागीय बॉडी बिल्डिंग संगठन के गठन का प्रतीक बना, बल्कि खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देने का भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!