दशपुर दिशा ने 22 जुलाई 2025 को किया था अवैध कॉलोनी का खुलासा : चरनोई भूमि पर बनी कॉलोनी गणेश विहार की विकास अनुमति निरस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गरोठ के कॉलोनाइजर आशीष डपकरा की आनंद धाम और गणेश विहार में था सरकारी जमीनों पर कब्जा

✍️ दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल

मंदसौर। दशपुर दिशा ने गरोठ नगर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जाकर बनाई जा रही कॉलोनियों की पोल खोली थी। दिनांक 22 जुलाई 2025 और 25 जुलाई 2025 को गरोठ में भूमाफिया उड़ा रहे सरकारी जमीनों पर मौज : जहां-जहां आशीष, वहां-वहां सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और गरोठ में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कर बनाई गई आनंद धाम और गणेश विहार कॉलोनी की अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई शुरू के शीर्षक से खबरों का प्रकाशन किया गया था। प्रकाशित खबरों के बाद राजस्व विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने दो बड़े कदम उठाए हैं।

गणेश विहार कॉलोनी की विकास अनुमति निरस्त
गरोठ के कॉलोनाइजर आशीष डपकरा और भूमि स्वामी कैलाश गुप्ता द्वारा सर्वे क्रमांक 596 द्वारा विकसित गणेश विहार कॉलोनी में मुख्य आने-जाने का रास्ता चरनोई भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था। दशपुर दिशा की ख़बर के बाद हुई जांच में यह अतिक्रमण साबित हो गया।
एसडीएम ने पूरा प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में भेजा, जहां सुनवाई के बाद गणेश विहार कॉलोनी की विकास अनुमति पूरी तरह निरस्त कर दी गई है।

आनंदधाम कॉलोनी में भी अतिक्रमण
इसी कॉलोनाइजर आशीष डपकरा की दूसरी कॉलोनी आनंदधाम में भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया गया। यहां बाउंड्री वॉल और पानी की टंकी पूरी तरह सरकारी भूमि पर बनाई गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने बाउंड्री वॉल तो तुरंत हटवा दी, लेकिन पानी की टंकी अभी भी जस की तस खड़ी है।

दशपुर दिशा ने शुरू से ही सरकारी भूमियों की सुरक्षा और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाकर खबरों के माध्यम से उनका खुलासा किया है। हमारी खबर के बाद प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई इस बात की भी पुष्टि करती है। अब देखना यह होगा कि पानी की टंकी का क्या होता है और गणेश विहार कॉलोनी के खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!